Bhagalpur news नगर निकाय के कामकाज में आयेगी डिजिटल पारदर्शिता
सुलतानगंज नगर परिषद के कामकाज को पारदर्शी, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए अब डिजिटल प्रणाली को तेजी से लागू किया जा रहा है. शनिवार को सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में दोहरी लेखा प्रणाली (मैन्युअल व कंप्यूटराइज्ड) और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गयी.नप सुलतानगंज में म्युनिसिपल अकाउंटिंग एवं बजट प्लानिंग विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के कर्मचारियों ने भाग लेकर वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की.
डिजिटल होगा संपत्ति कर संग्रहण
नगर परिषद सुलतानगंज के प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों के कार्यों को डिजिटल माध्यम से अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है. उन्होंने बताया कि नगर परिषद में संपत्ति कर संग्रहण को भी डिजिटल बनाने की दिशा में पहल शुरू कर दी गयी है. इसके लिए पांच टैक्स तहसीलदारों को स्वाइप मशीन उपलब्ध करायी गयी है, जिससे डिजिटल माध्यम से कर वसूली शुरू हो चुकी है. उन्होंने बताया कि स्वाइप मशीन से अब तक लगभग चार लाख रुपये का कर संग्रहण डिजिटल तरीके से किया जा चुका है. इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि कर संग्रहण की प्रक्रिया सरल और तेज होगी. प्रशिक्षण में बताया गया कि नगर परिषद के अधिकतर कार्यों को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जायेगा. इससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और वित्तीय प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा.
नगर निकाय कर्मियों को लेखांकन व बजट प्लानिंग का प्रशिक्षण
कार्यशाला में लेखांकन प्रणाली में किन-किन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है तथा बजट प्लानिंग को शहरी स्थानीय निकाय में किस प्रकार प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, इस पर विस्तार से चर्चा की गयी. विभाग से आये प्रशिक्षक रोहित कुमार ने नगर निकाय कर्मियों को म्युनिसिपल अकाउंटिंग की प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन, बजट निर्माण और लेखा-जोखा को व्यवस्थित रखने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. प्रशिक्षण में बताया गया कि नगर निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक लेखा प्रणाली और बजट प्रबंधन को प्रभावी तरीके से लागू करना बेहद जरूरी है. नगर परिषद के विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आयेगी.
कई नगर निकाय के कार्यालय प्रतिनिधि पहुंचे
कार्यशाला में सुलतानगंज सहित नवगछिया, बांका, अमरपुर और कहलगांव नगर निकायों के कार्यालय प्रतिनिधियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण चार्टर्ड अकाउंटेंट के प्रतिनिधि पुष्पराज ने दिया, जिसमें डिजिटल लेखा प्रणाली, बजट निर्माण, वार्षिक लेखा-जोखा तैयार करने और वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गयी. हालांकि कार्यक्रम में नगर निगम बेगूसराय, तेघरा, बीहट और बखरी नगर निकायों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के बेगूसराय दौरे से वह प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो सके. कार्यक्रम में कहलगांव नगर परिषद के प्रधान सहायक देवेंद्र कुमार, कर्मी उद्गार राय, सुलतानगंज नगर परिषद के सिटी मैनेजर रवीश चंद्र वर्मा, स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत सहित विभिन्न नगर निकायों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.