Bihar News: भागलपुर के कहलगांव में NH-80 पर हाइवा ने दिव्यांग को रौंदा, चक्के के नीचे दबकर मौत

Bihar News: भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में एनएच 80 पर एक हाइवा ने दिव्यांग को रौंद दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम किया.

Bihar News: भागलपुर में सड़क हादसे में एक दिव्यांग की मौत हो गयी. घटना कहलगांव थाना क्षेत्र की है जहां एक दिव्यांग को हाइवा ने कुचल दिया और मौके पर उसकी मौत हो गयी. इस सड़क हादसे से गुस्साए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे को जाम कर दिया. मृतक की पहचान आमापुर त्रिमुहान निवासी दिव्यांग आनंदी मंडल के रूप में की गयी है. घटना बुधवार सुबह की है. पुलिस ने शव को जब्त किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

हाइवा ने दिव्यांग को कुचला, मौत

कहलगांव के आमापुर त्रिमुहान निवासी दिव्यांग आनंदी मंडल (60 वर्ष) को बुधवार की सुबह एक हाईवा ट्रक ने रौंद दिया जिससे मौके पर उनकी मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार,आनंदी मंडल बुधवार की सुबह करीब 6:00 बजे अपने ट्राय सायकिल से शौच के लिए निकले थे. इसी दौरान त्रिमुहान से थोड़ी ही दूरी पर सामने से आ रहे एक हाईवा ट्रक (नंबर JH04AB/0317) ने उन्हें रौंद दिया. घटना स्थल पर ही दिव्यांग की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हाइवा ने बैक करने के दौरान पीछे खड़े दिव्यांग को रौंदा है.

हाइवा छोड़कर भागा चालक, परिजनों ने किया सड़क जाम

वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. मृतक के आक्रोशित परिजनों व ग्रामीण ने एनएच 80 मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. वहीं सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया-बुझाया और सड़क जाम हटवाया गया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. इधर, हादसे के बाद हाइवा का ड्राइवर गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने उक्त हाइवा को जब्त कर लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >