Bhagalpur news बीएलएस कॉलेज में सांस्कृतिक महोत्सव उत्कर्ष का आगाज

अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता उत्कर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को बीएलएस कॉलेज, नवगछिया प्रांगण में उत्साह के माहौल में हुआ.

टीएमबीयू के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता उत्कर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को बीएलएस कॉलेज, नवगछिया प्रांगण में उत्साह के माहौल में हुआ. उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा, स्वामी आगमानंद महाराज, महाविद्यालय के सचिव डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा तथा बिहपुर विस के विधायक इं शैलेंद्र कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई. कॉलेज परिसर में तीन मंजिला भवन, पुस्तकालय और बीसीए विभाग के कक्ष का उद्घाटन अतिथियों ने किया. मंच पर सभी अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया. स्वागत भाषण में डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया, जबकि सांस्कृतिक परिषद के सचिव ने दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की. कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा ने आयोजन की भव्यता की सराहना कर कहा कि बीएलएस कॉलेज को इस महोत्सव की मेजबानी सौंपना उनका सही निर्णय था. उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. ‘उत्कर्ष-2026’ की स्मारिका का विमोचन अतिथियों ने किया. कुलसचिव प्रो रामाशीष पूर्वे और बिहपुर विधायक इं शैलेंद्र कुमार ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. उद्घाटन सत्र का समापन स्वामी आगमानंद महाराज के आशीर्वचन के साथ हुआ. मौके पर विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, वीरेंद्र कुमार कुशवाहा, शंभू दयाल खेतान, डॉ केके मंडल सहित विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के कई प्राचार्य, संकायाध्यक्ष और गणमान्य लोग मौजूद थे. मंच संचालन क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ संजय कुमार जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो अर्चना कुमारी साह ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य प्रो दिनकर आचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभायी. उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के 20 से अधिक महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया. शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में 20 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की. एकल गायन प्रतियोगिता में 25 कॉलेजों के प्रतिभागियों ने गजल, भजन, सूफी और देशभक्ति गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. मूक अभिनय (सोलो माइम), वादन प्रतियोगिता और लोक नृत्य में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति दी. सितार, गिटार, बांसुरी और तबला वादन की मधुर धुनों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि लोक नृत्य प्रतियोगिता में 21 महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया. दिनभर कॉलेज परिसर में उत्सव का माहौल रहा और विभिन्न टीमों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. मीडिया प्रभारी डॉ रविशंकर कुमार चौधरी ने बताया कि युवा महोत्सव का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >