Bhagalpur news तीन दिनों में बचे कार्य करें पूरा, कांवरियों को न हो असुविधा : डीएम

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारी को लेकर सुलतानगंज नगर परिषद सभागार में सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई.

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारी को लेकर सुलतानगंज नगर परिषद सभागार में सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. अध्यक्षता भागलपुर के डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी और एसएसपी हृदय कांत ने की. बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, स्थानीय निकाय प्रमुखों और नागरिकों ने सहभागिता की. जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कांवर यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारी को तीन दिनों में हर हाल में पूरा कर लिया जाए. उन्होंने कहा कि कार्यों में कोताही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी.

यातायात व्यवस्था होगी सख्त और सुव्यवस्थित

ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर डीएम ने कहा कि दो दिनों मेंर ट्रैफिक प्लान फाइनल कर लिया जायेगा. शहर में प्रवेश और निकासी के लिए कुछ मार्गों को डायवर्ट किया जाएगा, जिससे आमजन और कांवरियों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके.

मेला को लेकर जनता से भी लिये गये सुझाव

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी श्रावणी मेला को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिये गये. डीएम ने कहा कि हर सुझाव पर संज्ञान लिया जाएगा और श्रावणी मेला को आस्था और सुविधा का आदर्श केंद्र बनाने का प्रयास किया जायेगा. स्वच्छता को लेकर डीएम ने कहा कि नगर परिषद नियमित रूप से साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कचरे का उठाव, घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें.

स्वास्थ्य, पंडा पंजीकरण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी जोरों पर

मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर, पंडा पंजीकरण, मेला नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की समीक्षा की गयी. अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया.

कांवरिया पथ पर एकरूपता और सुगमता पर विशेष जोर

कच्चे कांवरिया पथ पर दुकानें एक कतार और एक ही ओर लगाने का आदेश दिया गया, ताकि कांवरियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो. पक्की सड़कों पर दोनों ओर ढाई फीट छोड़ कर उजली पट्टी खींचने और दुकानों को उसी के अंदर लगाने का निर्देश दिया गया है.

बालू का भंडारण और गुणवत्ता की जांच के आदेश

डीएम ने निर्देश दिया कि कांवरिया पथ पर डाली जाने वाली बालू की मोटाई दो इंच से कम न हो और उसमें कंकर-पत्थर न मिले. इसके लिए विशेष जांच टीम गठित कर जियो टैग लोकेशन सहित रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है. बालू में लगातार पानी का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया.

दुकानदारों के लिए रेट लिस्ट और ब्रांड चार्ट अनिवार्य

दुकानदारों को आदेश दिया गया कि वह अपने-अपने स्टॉल पर ब्रांड चार्ट और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें. अनियमितता पाये जाने पर प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.

प्रचार-प्रसार और सूचना केंद्र होंगे सक्रिय

डीएम ने जनसंपर्क विभाग को निर्देशित किया कि मेला के लिए आकर्षक फ्लेक्स डिजाइन तैयार कर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें. सूचना केंद्र, विभागीय प्रदर्शनी और सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ महत्वपूर्ण दूरभाष नंबरों का प्रचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सहायता मिल सके. श्रावणी मेला 2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है.

प्रशासन की प्राथमिकता : सुरक्षा और स्वच्छता

डीएम ने स्पष्ट किया कि मेला में सभी विभागों को सेवा भाव और समर्पण के साथ कार्य करना होगा, ताकि यह मेला एक नया मानक स्थापित कर सके. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ह्रदयकांत ने जानकारी दी कि मेले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जायेगी. पुलिस के जवान सादा वर्दी में तैनात रहेंगे और सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी.

बैठक में उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी

बैठक में विधायक प्रो ललित नारायण मंडल, नप मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू, उप मुख्य पार्षद नीलम देवी, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पथ निर्माण), पीएचइडी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग समेत सभी प्रमुख विभागीय पदाधिकारी व स्थानीय गण्यमान्य लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >