Goradih CM Program : भागलपुर जिले के गोरडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में बुधवार को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस महाविद्यालय का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है. उद्घाटन के साथ ही राज्य के 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी.
उद्घाटन को लेकर प्रशासन अलर्ट
महाविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुबह से ही प्रशासनिक और सरकारी अधिकारी तैयारियों का जायजा लेते रहे. सभा स्थल से लेकर उद्घाटन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
कार्यक्रम स्थल तक पैदल जाना होगा
प्रशासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम स्थल के आसपास किसी भी निजी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. सुरक्षा कारणों और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए लोगों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा.
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
गोरडीह राजकीय डिग्री महाविद्यालय तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होगा. महाविद्यालय के शुरू होने से गोरडीह और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे स्थानीय स्तर पर ही स्नातक की पढ़ाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी.
211 नए डिग्री कॉलेजों में भी शुरू होगा शिक्षण कार्य
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का भी एक साथ उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही इन सभी कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का औपचारिक शुभारंभ होगा. राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा.
स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल
गोरडीह में महाविद्यालय के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह है. लोगों का मानना है कि इस महाविद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगे.
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- 10:45 बजे: काशील गांव में बनाए गए हेलिपैड पर मुख्यमंत्री का आगमन.
- 10:55 बजे: नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण.
- 11:14 बजे: कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का आगमन.
- 11:15 बजे: राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का प्रसारण.
- 11:25 बजे: उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय डिग्री महाविद्यालयों पर आधारित वीडियो का प्रसारण.
- 11:35 बजे: राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन.
- 11:45 बजे: विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण कार्यक्रम.
- 12:05 बजे: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन.
- 12:15 बजे: बिहार गान के साथ कार्यक्रम का समापन.
- 12:55 बजे: हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री का प्रस्थान.
