CM's Announcement in Bhagalpur: भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों का एक साथ शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
केवल डिग्री नहीं, नेतृत्व और नवाचार का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए डिग्री कॉलेजों का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, शोध, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है. उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया.
भागलपुर में खुलेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नया विश्वविद्यालय
सम्राट चौधरी ने कहा कि भागलपुर का वर्षों पुराना सपना विक्रमशिला विश्वविद्यालय जल्द साकार होगा. इसके लिए 220 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है और एक वर्ष के भीतर नए परिसर की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर साइंस पर आधारित एक नया विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा, जिससे यह शहर राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.
विक्रमशिला सेतु और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. सरकार का लक्ष्य 30 नवंबर से पहले इस परियोजना को चालू करना है. इसके अलावा कहलगांव से बटेश्वरनाथ धाम तक सड़क संपर्क को भी बेहतर बनाया जाएगा.
महिला सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है. पहले चरण में बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है. 25 जुलाई को सरकार के 100 दिन पूरे होने पर शेष पात्र महिलाओं के खातों में भी राशि हस्तांतरित की जाएगी.
उद्योग, नई टाउनशिप और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में 25 स्थानों पर नई टाउनशिप विकसित करने के लिए लगभग 15 हजार एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. उन्होंने निवेशकों से बिहार में उद्योग स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार भूमि, बिजली, पानी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और साइबर अपराध पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 अगस्त तक सभी अनुमंडल अस्पतालों में गंभीर बीमारियों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े.
गरीबों, किसानों और बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों को राशन कार्ड से जोड़ने, 50 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराने और किसानों को खेतों तक पर्याप्त बिजली पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, उद्योग और मजबूत आधारभूत संरचना के बल पर बिहार समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
ये भी पढ़ें : आज होगी बिहार कैबिनेट की बैठक, युवाओं के लिए नौकरी, नई योजनाओं समेत लिए जा सकते हैं ये फैसले
