Bhagalpur news जर्जर स्कूल भवन में बैठने को मजबूर नौनिहाल
सुलतानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत अंतर्गत वार्ड 14 स्थित प्रावि आजाद नगर पनसल्ला की हालत जर्जर हो चुकी है. यहां पढ़ने वाले बच्चे हर दिन अपनी जान जोखिम में डाल कर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. स्कूल भवन की बदहाली ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है और कभी भी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. विद्यालय के दो कमरों में एक पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसका उपयोग बंद कर दिया गया है. ऐसे में कक्षा एक से पांच तक के 45 बच्चों की पढ़ाई एक ही कमरे में करायी जा रही है. छह शिक्षक एक साथ बच्चों को पढ़ाने को मजबूर हैं, जिससे न केवल भीड़भाड़ बढ़ गयी है बल्कि पढ़ाई की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है.
फर्श धंसा, दीवारों में दरार, कभी भी गिर सकता है कमरा
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2000 में बने इस भवन का एक कमरा 5 नवंबर 2023 की रात अचानक क्षतिग्रस्त हो गया था. फर्श धंसने से दीवारों में गहरी दरारें आ गयी. भवन का निचला हिस्सा खोखला हो चुका है, जिससे यह कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है. विद्यालय परिसर के पास बने बड़े गड्ढे और चारदीवारी व मुख्य द्वार के अभाव ने बच्चों की सुरक्षा को और खतरे में डाल दिया है.
ग्रामीणों की मांग,नया भवन बने, बच्चों को मिले सुरक्षा
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक नंदकिशोर सिंह ने बताया कि इस समस्या को कई बार विभाग के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ. पूर्व वार्ड सदस्य सोनू कुमार ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जतायी. ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यालय के पास उपलब्ध नौ डिसमिल जमीन पर नया भवन बनाया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके. अभिभावकों का कहना है कि वह हर दिन डर के साये में अपने बच्चों को स्कूल भेजने को मजबूर हैं.
बीडीओ ने किया निरीक्षण, मरम्मत के निर्देश
शनिवार को बीडीओ संजीव कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षा विभाग के जेई गौरी शंकर को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. जेई को भवन की स्थिति का आकलन कर प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया है. गार्डवाल निर्माण के लिए मनरेगा के तहत योजना तैयार कर जल्द कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है. बीडीओ ने बताया कि स्कूल के आसपास मवेशियों के आवागमन पर रोक लगा दी गयी है और मिट्टी भराई सहित अन्य सुरक्षा उपाय जल्द लागू किए जायेंगे. भवन की स्थिति का प्राक्कलन तैयार कर आगे की कार्रवाई की जायेगी. निरीक्षण के दौरान शिक्षक नंदकिशोर सिंह, पूर्व वार्ड सदस्य सोनू कुमार, ग्रामीण रवि यादव, सुमित कुमार, कन्हैया सहित कई लोग मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.