Bhagalpur news जदयू के प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव में हंगामा, नोकझोंक

शाहकुंड प्रखंड क्षेत्र के शिवशंकरपुर में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव में हंगामा, नोकझोंक व नारेबाजी से घंटों अफरातफरी का माहौल हो गया.

शाहकुंड प्रखंड क्षेत्र के शिवशंकरपुर में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव में हंगामा, नोकझोंक व नारेबाजी से घंटों अफरातफरी का माहौल हो गया. सोमवार को जदयू के प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव निर्वाची पदाधिकारी रामविलास सिंह और पर्यवेक्षक संजीव सिंह की मौजूदगी में शुरू हुआ. विनय कुमार, चंद्रशेखर मंडल, रामनिवास मंडल, चंदा कुमारी, गुलाब महतो सहित आठ लोगों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल किया. निर्वाची पदाधिकारी ने नामांकन पत्र की जांच शुरू की, तो नामांकन किये लोगों ने संदेह व्यक्त कर विरोध जताना शुरू कर दिया. नामांकन पत्र की जांच के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने छह लोगों पर पार्टी विरोधी कार्य करने और एक पर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कह नामांकन पत्र को रद्द कर दिया. नामांकन पत्र अवैध घोषित करते ही जदयू के कार्यकर्ता आमने सामने हो गये. निर्वाची पदाधिकारी ने चयन को नियमानुसार कह निवर्तमान अध्यक्ष विनय कुमार को प्रमाण पत्र सौंपा, तो विरोध कर रहे कार्यकर्ता आगबबूला हो गये.कार्यकर्ताओं में नोकझोंक, धक्का-मुक्की के साथ अफरातफरी का माहौल हो गया. अफरातफरी से भगदड़ की स्थिति बन गयी और देखते ही देखते कुर्सियां जमीन पर धाराशाही हो गयी. जदयू के कार्यकर्ता दो खेमे में बंट गये और आक्रोश में नारेबाजी शुरू की. इस बढ़ते विवाद को देख शाहकुंड पुलिस ने हस्तक्षेप कर हंगामा शांत कराया.

छह लोगों ने चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत की

जदयू के प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव में चंद्रशेखर मंडल, चंदा कुमारी, रामनिवास मंडल सहित अन्य ने राज्य व जिला निर्वाची पदाधिकारी अर्जुन प्रसाद साह को आवेदन दे गड़बड़ी की शिकायत की व प्रखंड अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाये. प्रखंड अध्यक्ष के जांचोपरांत चयन रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग की. निर्वाची पदाधिकारी रामविलास सिंह ने बताया कि पार्टी के विरोध में कार्य करने पर नामांकन रद्द किया गया है. विनय कुमार को प्रखंड अध्यक्ष का प्रमाण पत्र सौंपा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >