भागलपुर. बक्सर से भागलपुर तक प्रस्तावित छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया नये सिरे से शुरू की गयी है. बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने जुलाई में जारी निविदा को रद्द कर अब नयी निविदा जारी की है. इसके तहत डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंसी एजेंसी और ट्रांजेक्शन एडवाइजर का चयन किया जायेगा.
सात सितंबर को खुलेगा टेंडर
बीएसआरडीसीएल ने नयी निविदा के लिए सात सितंबर को टेंडर खोलने की तिथि निर्धारित की है. इसी दिन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि भी होगी. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित कंसल्टेंसी एजेंसी को डीपीआर तैयार करने का काम सौंपा जायेगा.
छह माह में तैयार करनी होगी डीपीआर
चयनित कंसल्टेंसी एजेंसी को एक्सप्रेसवे की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर निगम को सौंपने के लिए छह माह का समय दिया जायेगा. डीपीआर में परियोजना से जुड़े तकनीकी, वित्तीय और निर्माण संबंधी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया जायेगा.
मंजूरी के बाद निकलेगा निर्माण का टेंडर
डीपीआर तैयार होने के बाद इसे सक्षम स्तर से मंजूरी दिलायी जायेगी. मंजूरी मिलने के बाद निर्माण एजेंसी के चयन के लिए अलग से निविदा जारी की जायेगी. इसके बाद ही एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी.
अभी डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया में परियोजना
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे परियोजना फिलहाल डीपीआर और निविदा प्रक्रिया के चरण में है. निर्माण शुरू होने से पहले परियोजना को कई प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं से गुजरना होगा. नयी निविदा के बाद डीपीआर तैयार होने और उसके अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने पर परियोजना के निर्माण की दिशा में अगला कदम उठाया जायेगा.
