सुलतानगंज, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
भागलपुर के सुलतानगंज-अगुवानी गंगा घाट पर इन दिनों नाव परिचालन सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जा रहा है. विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में लोग नाव के जरिए गंगा पार कर रहे हैं. प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर घाट पर एसडीआरएफ टीम, मेडिकल टीम और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की है.सुबह-शाम घाट पर उमड़ रही यात्रियों की भीड़
जहाज घाट यानी नमामि गंगा घाट पर सुबह और शाम यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है. सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारी बड़ी संख्या में रोजाना गंगा पार कर ड्यूटी के लिए आ-जा रहे हैं, जिसके कारण घाट पर दबाव लगातार बढ़ गया है.
लाइफ जैकेट और लाइफ ब्वाय की व्यवस्था
जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी के निर्देश के बाद घाट पर नावों में लाइफ जैकेट और लाइफ ब्वाय की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. अधिकारियों के अनुसार किसी भी आपात स्थिति में इन सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि यात्रियों की जान सुरक्षित रखी जा सके.SDRF टीम और मेडिकल स्टाफ तैनात
घाट पर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में नावों का परिचालन कराया जा रहा है. वहीं यात्रियों की गिनती भी की जा रही है.सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ टीम को घाट पर तैनात किया गया है, जो नावों के साथ भ्रमणशील रहकर निगरानी कर रही है. इसके अलावा एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी जहाज घाट पर मौजूद है.
तय किराये पर हो रहा नाव परिचालन
प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए नाव किराया भी निर्धारित किया गया है. बड़े यात्रियों से 35 रुपये, छोटे बच्चों से 15 रुपये और बाइक पार कराने के लिए 40 रुपये लिया जा रहा है.फिलहाल घाट पर तीन नावों का परिचालन किया जा रहा है और यात्रियों को जेट्टी के माध्यम से सुरक्षित तरीके से चढ़ाया और उतारा जा रहा है.सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक सेवा
नाव परिचालन प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा. प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी जरूरी इंतजाम लगातार किए जा रहे हैं.
