TMBU के पॉलीटिकल साइंस डिपार्टमेंट का जर्जर भवन: छत का मलबा गिरने के बाद हरकत में सरकार; निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अफसर

भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी राजनीति विज्ञान विभाग का भवन जर्जर हालत में है। हाल ही में छत का मलबा गिरने की घटना के बाद सरकार ने मामले को संज्ञान में लिया है और अब मरम्मत कार्य की उम्मीद है।

भागलपुर. राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस विभाग के अधिकारी हेमंत सिंह ने शनिवार को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी राजनीति विज्ञान विभाग का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभाग के जर्जर भवन, कक्षाओं और कार्यालय की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारी ने विभाग की सुरक्षा व्यवस्था, भवन की वर्तमान स्थिति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विभागाध्यक्ष से जानकारी ली.

नामांकित छात्र-छात्राओं और विभागीय व्यवस्था की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने विभाग में नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या के साथ पठन-पाठन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. भवन की स्थिति को गंभीरता से देखते हुए आवश्यक कार्रवाई के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली गयी.

कार्यालय की छत का मलबा गिरने से बाल-बाल बचा कर्मचारी

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार करीब तीन दिन पहले कर्मचारी कार्यालय की छत का मलबा टूटकर नीचे गिर गया था. इस घटना में एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया. इसके बाद विभाग के शिक्षकों ने जर्जर भवन की स्थिति को लेकर सरकार के लोक शिकायत और सीएम के सहयोग पोर्टल पर जानकारी दी थी.

जर्जर भवन में जोखिम के बीच हो रहा पठन-पाठन

शिक्षकों की ओर से दी गयी जानकारी में कहा गया था कि भवन की जर्जर स्थिति के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को जोखिम के बीच पठन-पाठन एवं कार्यालय का कार्य करना पड़ रहा है. भवन की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग को लेकर सरकार से हस्तक्षेप की गुहार लगायी गयी थी.

शिकायत के बाद सरकार ने लिया संज्ञान

विभाग की ओर से जर्जर भवन की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार की ओर से मामले को गंभीरता से लिया गया. इसी क्रम में अधिकारी को विभाग का स्थल निरीक्षण करने भेजा गया. निरीक्षण के बाद भवन की स्थिति और विभागीय व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी सरकार तक पहुंचायी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है.

मरम्मत कार्य को लेकर अब कार्रवाई की उम्मीद

राजनीति विज्ञान विभाग के जर्जर भवन को लेकर निरीक्षण के बाद अब शिक्षकों और कर्मचारियों की नजर सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है. विभाग से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि भवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा.

Also Read: PHOTOS: AI ने बदल दिया बिहार के नेताओं का लुक, 80s के अंदाज में दिखे सम्राट, नीतीश, लालू, तेजस्वी और PK

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >