Bihar Flood Alert: बिहार में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों पर साफ दिखाई देने लगा है. गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, महानंदा, पुनपुन, अधवारा और कमला बगमती समेत कई प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. जल संसाधन विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य के एक दर्जन से अधिक जिलों के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है. हालांकि फिलहाल अधिकांश नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन लगातार बढ़ता जलस्तर प्रशासन और नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा रहा है.
नदी किनारे बसे गांवों में लोग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर जरूरी सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी भी शुरू कर दी है.
24 घंटे में कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा
सेंट्रल फ्लड कंट्रोल सेल, जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआर), पटना की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न नदियों में 4 सेंटीमीटर से लेकर 32 सेंटीमीटर तक जलस्तर बढ़ा है. कुछ स्थानों पर इससे भी अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
गंगा नदी में बक्सर में 21 सेंटीमीटर, हाथीदाह में 22 सेंटीमीटर, मुंगेर में 11 सेंटीमीटर, भागलपुर में 28 सेंटीमीटर और कहलगांव में 30 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है. वहीं पटना के दीघा में 5 सेंटीमीटर और गांधी घाट पर 4 सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई.
कोसी और महानंदा में भी बढ़ा पानी
कोसी नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. बसुआ में 14 सेंटीमीटर, बलतारा में 18 सेंटीमीटर और कुरसेला में 32 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है.
महानंदा नदी के ढेंगराघाट में 32 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है, जबकि पुनपुन नदी के श्रीपालपुर में 61 सेंटीमीटर तक पानी बढ़ने की सूचना है. बूढ़ी गंडक नदी के समस्तीपुर रेलवे ब्रिज पर 20 सेंटीमीटर, रोसड़ा रेलवे ब्रिज पर 14 सेंटीमीटर और खगड़िया में 42 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है.
खतरे के निशान से नीचे, लेकिन बढ़ी सतर्कता
राहत की बात यह है कि अभी अधिकांश नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. बावजूद इसके जलस्तर बढ़ने की रफ्तार को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. जल संसाधन विभाग लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहा है और संबंधित जिलों के अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है.
यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रही और ऊपरी इलाकों से पानी का दबाव बढ़ा तो कई स्थानों पर नदियां चेतावनी स्तर या खतरे के निशान के करीब पहुंच सकती हैं.
Bihar Flood Alert: तटवर्ती इलाकों में लोग सतर्क, प्रशासन की निगरानी जारी
गंगा, कोसी और अन्य नदियों के किनारे बसे गांवों में लोग संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क हैं. कई जगहों पर परिवारों ने मवेशियों, अनाज और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है.
प्रशासन ने भी बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
इन जिलों और इलाकों में विशेष निगरानी
जलस्तर बढ़ने के कारण मुजफ्फरपुर, वैशाली, सुपौल, खगड़िया, कटिहार, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मधुबनी, बक्सर, पटना, मुंगेर, भागलपुर और पूर्णिया के कई तटवर्ती इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
भागलपुर सदर, कहलगांव, गोगरी, कुरसेला, मोकामा, पुनपुन, जयनगर, रोसड़ा, पुपरी, जाले, बहादुरपुर और बैसी जैसे क्षेत्रों में प्रशासन लगातार जलस्तर की समीक्षा कर रहा है.
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताए जाने के कारण लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
