मुख्य बातें:
भागलपुर से ब्रजेश माधुर्य की रिपोर्ट
Bhagalpur Water Supply Project: भागलपुर जलापूर्ति योजना फेज-2 के तहत इंटक वेल से जुड़े अप्रोच चैनल निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है. जमीन अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान को लेकर लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने आवश्यक राशि की स्वीकृति दे दी है. इससे परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्से पर काम शुरू होने की उम्मीद बढ़ गयी है.
विभाग ने अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के बदले रैयतों को मुआवजा भुगतान के लिए 7 करोड़ 56 लाख 24 हजार 527 रुपये की स्वीकृति प्रदान की है. यह राशि अप्रोच चैनल निर्माण के लिए आवश्यक 1.0275 एकड़ भूमि अर्जन से संबंधित भुगतान में खर्च की जायेगी.
बुडको के अनुरोध पर हुई कार्रवाई
बुडको के प्रबंध निदेशक ने अप्रोच चैनल निर्माण के लिए चिह्नित भूमि के अधिग्रहण और प्रभावित रैयतों को भुगतान के उद्देश्य से राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया था. प्रस्ताव मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी.
इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप बनेगा अप्रोच चैनल
योजना के तहत गंगा किनारे इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र के आसपास अप्रोच चैनल का निर्माण किया जाना है. इसका उद्देश्य गंगा के पानी को लिफ्ट कर इंटक वेल तक पहुंचाना है, जहां जल शोधन की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. इसके बाद शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.
नगर आयुक्त के माध्यम से होगी राशि हस्तांतरित
स्वीकृत राशि नगर आयुक्त द्वारा समाहर्ता को उपलब्ध करायी जायेगी. इसके बाद भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि समाहर्ता से उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त कर नगर आयुक्त विभाग को उपलब्ध करायेंगे.
Bhagalpur Water Supply Project: राशि के उपयोग को लेकर विभाग ने जारी किया निर्देश
नगर विकास एवं आवास विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल इसी परियोजना के लिए किया जायेगा. किसी अन्य योजना या कार्य में इस धनराशि के उपयोग की अनुमति नहीं होगी. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी जारी किये हैं.
