भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में 15 जुलाई तक गरज-चमक, आंधी और बारिश के आसार

Weather Alert : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 जुलाई तक दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है. गरज-चमक, तेज हवा और मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी है. किसानों को धान की बुआई और रोपाई के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी गई है.

Weather Alert : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 जुलाई तक दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान गरज-चमक, तेज हवा और मध्यम बारिश की संभावना है. बांका और नवादा जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.

15 जुलाई तक बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई तक दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है और मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है. विशेष रूप से बांका और नवादा जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तापमान और हवा की रहेगी यह स्थिति

पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय हवा में नमी 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 65 से 75 प्रतिशत तक रह सकती है. पछुआ हवा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है.

धान की बुआई का उपयुक्त समय

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने किसानों को सलाह दी है कि हाल की बारिश का लाभ उठाते हुए धान की सबौर दीप, प्रभात, शुष्क सम्राट और सहभागी किस्मों की बुआई शुरू करें. बुआई से पहले बीजों का 2 ग्राम कार्बेन्डाजिम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचार करना जरूरी बताया गया है. साथ ही 10 से 15 दिन की नर्सरी में समय पर निराई-गुड़ाई करने की भी सलाह दी गई है.

इन धान किस्मों की करें रोपाई और सीधी बुआई

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मध्यम अवधि वाली धान की राजेंद्र नीलम, राजेंद्र कस्तूरी और राजेंद्र श्वेता किस्मों की रोपाई करने की सलाह दी है. वहीं सबौर मोती और सबौर सोना धान की किस्मों की सीधी बुआई भी वर्तमान मौसम को देखते हुए उपयुक्त मानी गई है.

किसानों से सतर्कता बरतने की अपील

विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें और बारिश तथा आंधी को ध्यान में रखते हुए खेतों में कृषि कार्य की योजना बनाएं. समय पर बुआई, बीज उपचार और रोपाई से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें :बिहार के 27 जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना, 40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

ब्रजेश नंदन माधुर्य प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. स्वच्छता व ई-कॉमर्स में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >