Scout Guide Camp: इंटर स्तरीय मारवाड़ी पाठशाला, भागलपुर में 20 जुलाई से 24 जुलाई तक आयोजित पांच दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का शुक्रवार को दीक्षांत सह समापन समारोह संपन्न हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती जुगनू सोनी ने की. शिविर का आयोजन जिला सचिव प्रवीण कुमार झा के पत्रालोक में किया गया.
झंडोत्तोलन के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत स्काउट-गाइड ध्वज के झंडोत्तोलन के साथ हुई. इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने स्काउट-गाइड की प्रतिज्ञा दोहराते हुए अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया.
स्कार्फ और सदस्यता बैज पहनाकर किया गया दीक्षित
मुख्य अतिथि श्रीमती जुगनू सोनी, शिक्षक आशिक अनुपम तथा जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) विपिन कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को स्कार्फ, वॉगल और सदस्यता बैज पहनाकर औपचारिक रूप से दीक्षित किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी गयी.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
दीक्षांत समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहना की. कार्यक्रम पूरे समय उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
शिविर के सफल आयोजन में सभी का रहा सहयोग
Scout Guide Camp: शिविर एवं समापन समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक पीयूष कुमार, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, रेंजर सिमरन तथा रोवर मुन्ना कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा. जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) विपिन कुमार सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था.
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.
