भागलपुर में ट्रेन में गलती से बैठी नाबालिग पहुंच गई एकचारी स्टेशन, रोते देख RPF ने किया रेस्क्यू

Bhagalpur News: भागलपुर के एकचारी रेलवे स्टेशन पर एक मानवीय घटना देखने को मिली. प्लेटफॉर्म पर अकेली रो रही एक नाबालिग बच्ची को स्टेशन मास्टर ने RPF को सूचना दी. RPF ने बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर चाइल्डलाइन के सुपुर्द किया.

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के एकचारी रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली. प्लेटफॉर्म पर अकेली रो रही एक नाबालिग बच्ची को देखकर स्टेशन मास्टर ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी. सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर रेलवे चाइल्डलाइन, भागलपुर के सुपुर्द कर दिया. अब बच्ची के परिजनों को सूचना दे दी गई है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिवार के हवाले किया जाएगा.

स्टेशन मास्टर की सूचना पर हरकत में आई RPF

आरपीएफ पोस्ट कहलगांव के उप निरीक्षक अमर कान्त यादव ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली कि एकचारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक नाबालिग बच्ची अकेली बैठकर रो रही है.

सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया.

गलती से गलत ट्रेन में बैठकर पहुंच गई एकचारी

पूछताछ के दौरान बच्ची ने बताया कि वह भागलपुर जिले के एक गांव की रहने वाली है. वह अनजाने में रामपुरहाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में बैठ गई थी, जिसके कारण वह एकचारी स्टेशन पहुंच गई.

आरपीएफ ने बच्ची को कहलगांव पोस्ट लाकर महिला कर्मचारी की निगरानी में सुरक्षित रखा और उसकी देखभाल की.

Bhagalpur News: चाइल्डलाइन को सौंपा गया, परिजनों को दी गई सूचना

सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने बच्ची को रेलवे चाइल्डलाइन, भागलपुर के सुपुर्द कर दिया.

चाइल्डलाइन की ओर से बच्ची के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी गई है. परिजन गुरुवार को चाइल्डलाइन कार्यालय पहुंचकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेंगे, जिसके बाद बच्ची को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया जाएगा.

रेलवे ने लोगों से की महत्वपूर्ण अपील

आरपीएफ ने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई बच्चा अकेला, असहाय या भटका हुआ दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें.

समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे को संभावित खतरे से बचाने और उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rishi Kant

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >