भागलपुर से विद्यासागर मंडल की रिपोर्ट
भागलपुर. नगर पंचायत हबीबपुर के वार्ड नंबर 2 स्थित राबिया कॉलोनी और नया टोला के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है. इलाके में जलनिकासी और सफाई व्यवस्था की बदहाली से परेशान लोग खुद नालियों की सफाई करने को मजबूर हैं. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों के बड़े-बड़े दावे और आश्वासन केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. मोहल्ले की कई नालियों के ढक्कन टूट चुके हैं, कई जगहों पर नाले खुले पड़े हैं और अधिकांश नालियां पूरी तरह जाम हैं. भीषण गर्मी के बीच नालियों में जमा गंदा पानी और उससे उठ रही दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. स्थानीय लोगों को डर है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो इलाके में संक्रामक बीमारियां और महामारी फैल सकती है.खुद नालियों से निकाल रहे गंदा पानी
राबिया कॉलोनी और नया टोला में जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग खुद नालियों में जमा गंदा पानी निकालकर दूसरे स्थानों पर फेंक रहे हैं ताकि घरों और गलियों में पानी न भर सके. कई स्थानों पर नाली का पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार लोगों ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो मजबूरी में उन्हें खुद सफाई अभियान चलाना पड़ रहा है. लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियां कचरे से भर चुकी हैं और पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है.
हल्की बारिश में तालाब बन जाता है पूरा इलाका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी तो बिना बारिश के ही हालात बदतर हैं. यदि हल्की बारिश भी हो जाए तो मुख्य सड़क से लेकर मोहल्ले की गलियों तक जलजमाव हो जाता है. कई जगहों पर इतना पानी भर जाता है कि पूरा इलाका तालाब जैसा दिखाई देने लगता है. जलभराव के दौरान खुले नाले नजर नहीं आते, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है. स्कूली बच्चों को भी रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है. लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले ही यह स्थिति है, ऐसे में मानसून आने के बाद हालात और भयावह हो सकते हैं.
मुख्य पार्षद पर आश्वासन, वार्ड पार्षद पर उपेक्षा का आरोप
राबिया कॉलोनी और नया टोला के लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार अपनी समस्याओं को लेकर नगर पंचायत और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि मुख्य पार्षद की ओर से केवल आश्वासन दिए गए, जबकि जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नहीं दिखा. वहीं स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद पंकज कुमार पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया. उनका कहना है कि चुनाव जीतने के बाद वार्ड की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया गया. लोगों के अनुसार वार्ड नंबर 2 की मुख्य सड़क हो या मोहल्ले की गलियां, लगभग हर जगह गंदगी और जलनिकासी की समस्या बनी हुई है.
सफाई फंड के उपयोग पर भी उठने लगे सवाल
इलाके के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि सरकार नगर पंचायतों को साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हर वर्ष लाखों रुपये उपलब्ध कराती है. इसके बावजूद वार्ड नंबर 2 की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. लोगों का आरोप है कि अगर सफाई व्यवस्था सही तरीके से संचालित होती तो उन्हें खुद नालियों की सफाई करने के लिए नहीं उतरना पड़ता. स्थानीय लोगों ने कहा कि कागजों पर होने वाले सफाई कार्यों की वास्तविकता राबिया कॉलोनी और नया टोला की जाम नालियां, टूटी सड़कें और फैली गंदगी बयां कर रही हैं.
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि
वार्ड पार्षद पंकज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है. उन्होंने बताया कि राबिया कॉलोनी होते हुए इलियास चाय दुकान तक नए नाले का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं नगर पंचायत हबीबपुर के मुख्य पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि पिछले नौ माह से नगर पंचायत को फंड नहीं मिला है, जिसके कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नाले के पानी की निकासी की समस्या पुरानी है. इसके समाधान के लिए सर्वे कराया जा चुका है तथा हथिया नाला परियोजना के लिए नापी का कार्य भी जारी है. फंड उपलब्ध होते ही आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा.