भागलपुर में तांबे की तार चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार, ऐसे बेचते थे चोरी का माल

भागलपुर में तांबे की तार चोरी कर कबाड़ी को बेचने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. सच्चिदानंदनगर में छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 8 किलोग्राम तांबे का तार भी बरामद हुआ है. यह गिरोह दुकानों और घरों से तार चुराता था.

Copper Wire Theft Bhagalpur: भागलपुर शहर में तांबे की तार चोरी कर उसे कबाड़ी के हाथ बेचने वाले गिरोह का तिलकामांझी थाना पुलिस ने खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर सच्चिदानंदनगर में छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया. आरोपितों की निशानदेही पर आठ किलोग्राम तांबे का तार बरामद हुआ है.

गिरफ्तार आरोपितों में सच्चिदानंदनगर निवासी मोनू कुमार, नीरज कुमार, आशीष कुमार और अखिलेश कुमार शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में दुकानों और घरों से तांबे की तार चोरी करता था. तार जमा होने के बाद उसे जलाकर प्लास्टिक हटाया जाता था और फिर तांबे को कबाड़ी की दुकानों में बेच दिया जाता था. इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी.

चोरी की तार जलाने की सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि हवाईअड्डे के पीछे सच्चिदानंदनगर में कुछ लोग चोरी की तांबे की तार जला रहे हैं. एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर तिलकामांझी थाना पुलिस और वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर छापेमारी की.

पुलिस ने मौके से पांच लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दो आरोपित फरार हो गये. पूछताछ के दौरान तांबे की तार चोरी कर उसे बेचने की जानकारी सामने आयी.

तीन आरोपितों का आपराधिक इतिहास

सिटी एसपी अतुलेश झा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में मोनू, आशीष और अखिलेश का आपराधिक इतिहास रहा है. मोनू कुमार तिलकामांझी थाना क्षेत्र में 25 फरवरी 2018 को हुई चोरी के मामले में प्राथमिकी अभियुक्त है. वहीं आठ अक्तूबर 2022 की चोरी के मामले में वह अप्राथमिकी अभियुक्त रहा है.

आशीष कुमार और अखिलेश कुमार के खिलाफ भी तिलकामांझी थाने में चोरी से जुड़े दो-दो मामले दर्ज हैं.

Copper Wire Theft Bhagalpur: बिजली गुल होने के बाद सामने आती थी चोरी

शहर में पिछले कुछ महीनों से तांबे की तार चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे. कई मामलों में सुबह लोगों के उठने पर बिजली गुल या एसी बंद मिला. जांच करने पर पता चलता था कि चोर तार काटकर ले गये हैं.

तार चोरी से कई बार नुकसान सीमित रहने के कारण लोग पुलिस में शिकायत भी नहीं करते थे. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है.

Also Read: बिहार में बाढ़ से 20 लोगों की मौत, 12 जिलों में हाई अलर्ट, कहीं टूटे बांध तो कहीं पुल, कोसी-सीमांचल में बढ़ रहा खतरा

Also Read: बिहार में जंतर-मंतर जैसा नजारा, पटना के जेपी गोलंबर पर जुटे प्रदर्शनकारी, फ्रेजर रोड जाने वाली सड़क बंद, भारी पुलिस बल तैनात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >