भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Bhagalpur News : विक्रमशिला सेतु पर भागलपुर की ओर पहले बेली ब्रिज के पास पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए अस्थायी शेड के गिरने से बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी विनय कुमार ईश्वर (38) की मौत हो गई, जबकि उनके 13 वर्षीय पुत्र लक्की कुमार घायल हो गए. घटना मंगलवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान हुई.
घायल लक्की ने बताया कि उसके पिता रोजाना दूध बेचने के लिए भागलपुर आते थे. गांव में चार दिन बाद शादी होने के कारण वह भी खरीदारी करने पिता के साथ शहर आया था. खरीदारी के बाद दोनों मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे. विक्रमशिला सेतु पर चढ़ते ही अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई. इससे बचने के लिए दोनों एक शेड के नीचे रुक गए, जहां पहले से चार अन्य लोग भी मौजूद थे.
एक घंटे बाद ले जाया गया अस्पताल, हो गयी मौत
इसी दौरान तेज बवंडर आया और पूरा शेड भरभराकर गिर पड़ा. शेड का ऊपरी हिस्सा सीधे विनय कुमार के सिर पर गिरा. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला. उस समय उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण तत्काल एंबुलेंस और वाहन नहीं मिल पाया. करीब एक घंटे बाद वाहन की व्यवस्था होने पर उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
लक्की ने बताया कि शेड में इन्वर्टर और बैटरी भी रखी गई थी. शेड गिरने के बाद उसे करंट का भी आभास हुआ और उसके पैर में चोट लग गई. घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मायागंज अस्पताल पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
जिलाधिकारी के निर्देश पर बरारी कैंप थाना पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. इधर, स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि पुल पर यात्रियों और ड्यूटी में तैनात कर्मियों की सुविधा के लिए शेड बनाए गए थे, तो उन्हें मजबूत और सुरक्षित क्यों नहीं बनाया गया. लोगों का कहना है कि लापरवाही और अदूरदर्शिता ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया.
ALSO READ : शादी से पहले सामने आई आकाशदीप की होने वाली दुल्हन की तस्वीर, जानिए कौन हैं अक्षिता राज
