गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर निगम से मांगी अनुमति

गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर निगम से मांगी अनुमति

– सितंबर से शुरू हो सकता है काम, घर-घर होगी रसोई गैस की आपूर्ति

वरीय संवाददाता, भागलपुर

भागलपुर शहर में घर-घर पाइप लाइन की मदद से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए सितंबर से शहर में भी पाइप लाइन बिछेगी. इसके लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) ने नगर निगम प्रशासन से लिखित अनुमति मांगी है. आइओसीएल प्रशासन के अनुसार अब तक अनुमति नहीं मिली है. जैसे ही नगर निगम की ओर से हरी झंडी मिलेगी, एक वर्ष के अंदर शहर में प्लास्टिक का पाइप लगाने का काम पूरा कर लिया जायेगा. जल्द ही नगर निगम से पाइप लाइन बिछाने के लिए एनओसी मिलने की संभावना है. इधर, मुंगेर से भागलपुर के बीच फोर लेन सड़क के किनारे मेन पाइप लाइन बिछाने के लिए आइओसीएल ने एनएचएआइ को दो साल पहले की एनओसी के लिए आवेदन दिया था. आइओसीएल प्रशासन के अनुसार मुंगेर-मिर्जाचौकी फोर लेन के उत्तरी साइड हाेकर पाइप लाइन बिछेगी. इसकी सहमति एनएचएआइ ने दे दी है. हालांकि कागजी प्रक्रिया का काम अभी शेष है. मुंगेर से भागलपुर तक पाइप लाइन बिछाने के लिए जमीन का सर्वे पूरा हो गया है.

हाथीदा से मुंगेर तक पाइप लाइन का काम पूरा : मोकामा के हाथीदा से मुंगेर के बीच पाइप लाइन बिछाने का काम एक साल पहले ही पूरा हो चुका है. लेकिन मुंगेर से भागलपुर के बीच एनओसी के कारण काम अटका हुआ था. लखीसराय में पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति शुरू भी हो गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >