Bhagalpur News: दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू होने से पहले भागलपुर में श्री श्री 108 दुर्गा पूजा महासमिति ने जिला प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखी हैं. मंगलवार को महासमिति का एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय से मिला और दुर्गा पूजा व विसर्जन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने विसर्जन मार्ग से बिजली का पोल हटाने, आठ महीने से बंद विद्युत शवदाह गृह को जल्द चालू कराने और लाजपत पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग उठाई.
डीएम से मुलाकात में उठे पूजा व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दे
महासमिति के अध्यक्ष अभय घोष सोनू, महासचिव जय नंदन आचार्य और संरक्षक कमल जायसवाल के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी का स्वागत किया. इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल ने स्मारपत्र सौंपते हुए शहर की प्रमुख समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया.
उन्होंने कहा कि बड़ी खंजरपुर स्थित मायागंज अस्पताल के समीप विसर्जन मार्ग के बीचोंबीच लगा बिजली का पोल शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी बाधा बन सकता है. इसे जल्द हटाया जाना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
आठ महीने से बंद विद्युत शवदाह गृह को चालू करने की मांग
बैठक में महासमिति ने शहर के विद्युत शवदाह गृह का मुद्दा भी उठाया. पदाधिकारियों ने बताया कि यह पिछले करीब आठ महीने से बंद है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इस पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया कि नगर आयुक्त से इस संबंध में बात की गई है. पुराने विद्युत शवदाह गृह की मरम्मत के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और इसकी निर्धारित तिथि 6 अगस्त तय की गई है.
लाजपत पार्क के सौंदर्यीकरण की भी उठी मांग
महासमिति के पदाधिकारियों ने लाजपत पार्क के सौंदर्यीकरण का अनुरोध भी किया. साथ ही आग्रह किया कि पार्क का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जाए, ताकि इसकी सार्वजनिक और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे.
पूजा और विसर्जन की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान कोषाध्यक्ष तरुण घोष, कार्यकारी अध्यक्ष विनय सिन्हा, सचिव पिंकी बागोरिया और चिकित्सा पदाधिकारी अशोक सरकार ने जिलाधिकारी को दुर्गा पूजा महासमिति की गतिविधियों और भागलपुर में निकलने वाली विसर्जन शोभायात्रा के महत्व से अवगत कराया. उन्होंने प्रशासन से समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि दुर्गा पूजा और विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.
Bhagalpur News: प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन
जिलाधिकारी ने महासमिति की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. आगामी दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन और पूजा समितियों के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
