भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट:
Bhagalpur Constable Death: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में डायल 112 में तैनात सिपाही आलोक रंजन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक सिपाही मूल रूप से दरभंगा जिले के निवासी थे और सबौर में किराए के मकान में रहकर अपनी सेवा दे रहे थे.
सुबह जगाने पर नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया
जानकारी के अनुसार रविवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद आलोक रंजन अपने किराए के कमरे पर लौटे थे. भोजन करने के बाद वह सो गए. सोमवार सुबह जब सहकर्मियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद तत्काल मामले की सूचना सबौर थाना पुलिस को दी गई.
मायागंज अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने के बाद पुलिस और सहकर्मियों ने आलोक रंजन को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौके पर पहुंचे डीएसपी और थानाध्यक्ष
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार और सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने सहकर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजन भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं.
परिजनों के आने तक डीप फ्रीजर में रखा गया शव
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के पहुंचने तक शव को सदर अस्पताल के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है. परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार थे आलोक रंजन
सहकर्मियों के अनुसार आलोक रंजन बेहद मिलनसार, हंसमुख और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे. वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते थे. उनकी असामयिक मौत से डायल 112 टीम सहित पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है.
डीएसपी लॉ ऑर्डर ने कहा
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार ने बताया कि अब तक जानकारी मिली है कि खाना खाने के बाद रात्रि में सिपाही सोया और फिर सुबह नहीं जगा. मामले की छानबीन की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
