बीएन कॉलेज में एईडीपी पाठ्यक्रम पर जागरूकता कार्यक्रम: छात्रों को मिला कैरियर में 'प्लान बी' रखने का गुरुमंत्र

Bhagalpur BN College: भागलपुर के बीएन कॉलेज में 'अपने भविष्य को अनलॉक करें: एईडीपी उत्कृष्टता' विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. छात्रों को बी-कॉम ई-कॉमर्स और बी-कॉम रिटेल ऑपरेशन जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई.

भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट

Bhagalpur BN College: भागलपुर के बीएन कॉलेज में 'अपने भविष्य को अनलॉक करें: एईडीपी उत्कृष्टता' विषय पर एक विशेष जागरूकता सह नामांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की रोजगारोन्मुखी शिक्षा पहल के तहत संचालित होने वाले विशेष पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था. इसके तहत बी-कॉम ई-कॉमर्स ऑपरेशन और बी-कॉम रिटेल ऑपरेशन कोर्स के बारे में छात्रों को विस्तार से जानकारी दी गई.

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर की गई. इसके तुरंत बाद महाविद्यालय के सांस्कृतिक विभाग की छात्राओं द्वारा सुमधुर स्वागत गान और विश्वविद्यालय के कुलगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक और अकादमिक रंग में सराबोर हो गया.

मुख्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) बैद्यनाथ यादव, विशिष्ट अतिथि उतुंग तिवारी और तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के रजिस्ट्रार प्रोफेसर रामाशीष पूर्वे विशेष रूप से उपस्थित थे, जिन्होंने छात्रों का मार्गदर्शन किया.

कैरियर में 'प्लान बी' रखने की सलाह

पूर्व आईएएस बैद्यनाथ यादव ने अपने लंबे प्रशासनिक और व्यावसायिक अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों को कैरियर निर्माण में हमेशा 'प्लान बी' तैयार रखने की सीख दी. उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि बिहार के चुनिंदा चुनिंदा कॉलेजों में से बीएन कॉलेज को इस खास कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए चुना गया है, जो उच्च शिक्षा में रोजगार के नए द्वार खोलेगा.

12 महीने तक मिलेगा स्टाइपेंड

बैद्यनाथ यादव ने योजना की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कोर्स पूरी तरह कौशल और उद्योग जगत की व्यावहारिक जरूरतों पर आधारित है. इसमें छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सीधे कंपनियों में ट्रेनिंग करने का मौका मिलेगा. सबसे बड़ी बात यह है कि इस प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को 12 महीने तक निरंतर मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा, जो उनके आत्मनिर्भर बनने में मील का पत्थर साबित होगा.

उद्योग जगत में मिलेंगे बेहतर प्लेसमेंट

विशिष्ट अतिथि उतुंग तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही व्यावहारिक व्यावसायिक अनुभव प्राप्त करने के अनगिनत लाभ हैं. इससे डिग्री पूरी होते ही युवाओं को कॉर्पोरेट और उद्योग जगत में सीधे और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर आसानी से मिल सकेंगे.

विश्वविद्यालय स्तर से मिलेगा हर संभव सहयोग

टीएमबीयू के रजिस्ट्रार प्रो. रामाशीष पूर्वे ने भारत सरकार के इन रोजगारपरक पाठ्यक्रमों और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आज के समय में महत्ता पर विशेष बल दिया. उन्होंने आश्वस्त किया कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए विश्वविद्यालय स्तर से इस कोर्स के संचालन में हर संभव प्रशासनिक और शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा.

पहले ही दिन पांच छात्रों ने लिया दाखिला

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के प्रभाव से प्रेरित होकर पहले ही दिन पांच विद्यार्थियों ने इन नए पाठ्यक्रमों में अपना नामांकन सुरक्षित करा लिया है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस आधुनिक कोर्स को करने के बाद आने वाले दिनों में युवाओं को रोजगार मिलना पूरी तरह तय है.

Bhagalpur BN College: धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ सत्र

सत्र के अंतिम चरण में डॉ. कंचन सिंह ने मंच का सफल संचालन किया. कार्यक्रम के सफल समापन पर डॉ. इंदु कुमारी ने बाहर से आए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.

इसे भी पढ़ें:  बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इसे भी पढ़ें:  बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >