bhagalpur news. जुब्बा सहनी कारा में बेगुसराय के कैदी की मौत, हाईकोर्ट से हो चुकी थी रिहाई
केंद्रीय कारा में बेगुसराय के कैदी की मौत.
By KALI KINKER MISHRA | Updated at :
– सुबह दस बजे एकाएक हुई उल्टी, जेएलएनमएसीएच में कराया गया था भर्ती- हत्या के मामले में सजायाफ्ता था, परिजनों ने मामले की जांच की मांग कीशहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में हत्या मामले में सजायाफ्ता कैदी बेगुसराय के बिहट खेमकरणपुर वार्ड नंबर 27 निवासी राजीव कुमार (42) की मौत इलाज के क्रम में हो गयी है. शुक्रवार को राजीव को बार – बार उल्टी हो रही थी. उसे इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसे आईसीयू वार्ड में स्थानांतरित किया गया. इलाज के क्रम में शुक्रवार शाम चार बजे राजीव की मृत्यु हो गयी. शनिवार को राजीव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी करायी गयी और मौके पर नाथनगर के अंचलाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था. पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था.
परिजन बोले, राजीव को नहीं थी कोई बीमारी
मृतक के भाई राजकुमार सिंह ने बताया कि राजीव को कोई बीमारी नहीं थी. एकाएक उसे उल्टी हुई और उसकी मौत हो गयी, यह आश्चर्य का विषय है. उनलोगों को शुक्रवार दोपहर दो बजे जेल प्रशासन द्वारा सूचना दी गयी थी कि राजीव की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके बाद वे लोग यहां पहुंचे हैं. पहुंचने के बाद पता चला कि राजीव की मौत हो गयी है. भाई ने बताया कि राजीव हत्या के मामले में सजायाफ्ता है. वे लोग मामले को लेकर हाईकोर्ट गये थे. राजीव के भाई राजकुमार की मानें तो राजीव को हाईकोर्ट से रिहाई मिल गयी थी. अब वह जेल से बाहर निकलने वाला था. राजकुमार ने बताया कि पांच फरवरी को उसकी बातचीत राजीव से हुई थी. राजीव घर आने को लेकर काफी उत्साहित था. वह बोल रहा था कि जेल में उसका जो भी सामान है, अब घर ले कर चलें जाएं, क्योंकि जब वे जेल से निकलेंगे तो खाली हाथ निकलेंगे. दूसरी तरफ राजीव के अन्य परिजनों ने उसकी मृत्यु पर संदेह व्यक्त करते हुए जांच की मांग की है. परिजनों ने यह भी कहा कि मृत्यु शुक्रवार चार बजे ही हो गयी थी लेकिन शनिवार 12 बजे बाद तक उनलोगों को शव नहीं मिला है. यह अमानवीय है.
मछली आढ़त के पास हुई अमलेश की हत्या मामले में सजायाफ्ता था राजीव
जानकारी मिली है कि वर्ष 2013 में 26 जून की रात को बरौनी थाना कोल बोल्ड रोड स्थित मछली आढ़त के पास अपराधियों ने अमलेश कुमार नाम के युवक की हत्या कर दी थी. बात सामने आयी थी कि दस लाख की रंगदारी नहीं दिये जाने के कारण हत्या की गयी थी. विचाराधीन बंदी के रूप में राजीव कुछ दिनों तक बेगुसराय कारा में रहा फिर यहां शिफ्ट किया गया था. परिजनों ने बताया कि राजीव सात वर्षों से भागलपुर जेल में था.