Bhagalpur news ट्रक के धक्के से बैंक मैनेजर की मौत

सड़क हादसे में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की बैंक मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गयी.

नवगछिया बाबा बिसुराउत सेतु पहुंच पथ स्थित श्रीपुर पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की बैंक मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मृतका की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के लत्तरा के चंदन कुमार भगत की पत्नी सपना कुमारी के रूप में हुई है. वह मधेपुरा जिला के चौसा प्रखंड स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं. सपना कुमारी अपने मायका हरनाथचक से स्कूटी पर सवार होकर बैंक जा रही थीं. इस दौरान श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास बने ब्रेकर के निकट पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. जाम से सड़क के दोनों ओर बस, ट्रक, जीप और बाइक की लंबी कतार लग गयी. ग्रामीणों की मांग थी कि मौके पर वरीय पदाधिकारी आएं तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ब्रेकर को तत्काल हटाया जाये. उक्त स्थान पर बने ब्रेकर से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है. पुलिस ने शव को ट्रैक्टर पर लाद कर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया. वह एम्बुलेंस से शव भेजने की मांग पर अड़े रहे. सूचना मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम व नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. अधिकारियों ने जेसीबी मशीन से ब्रेकर हटाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया. अनुमंडल अस्पताल से शव वाहन मंगवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. सपना कुमारी छह माह पूर्व ही उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक मैनेजर के रूप में योगदान दिया था और वर्तमान में अरजपुर स्थित शाखा में पदस्थापित थीं. उनके पति गोपालगंज जिला में प्लस-टू शिक्षक हैं. परिवार में एक पुत्र सामर्थ राज व एक पुत्री सोम्या सिद्धि है. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ यातायात थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >