भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट
Baba Budhanath Temple: सावन से पहले ही भागलपुर के बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है. गुरुवार की सुबह मंदिर में विधि-विधान के साथ सरकारी पूजा संपन्न हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
सरकारी पूजा में हुआ गंगा जल और पंचामृत से अभिषेक
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में सरकारी पूजा का आयोजन किया गया. इस दौरान भगवान शिव का गंगा जल, पंचामृत, फूल और फलों से भव्य अभिषेक किया गया. पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला.
Baba Budhanath Temple: वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना माहौल
पूरे अनुष्ठान का संचालन महंत शिवनारायण गिरि के सान्निध्य में किया गया, जबकि पंडित अभिषेक पांडेय ने वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई. मंत्रों की गूंज और घंटियों की ध्वनि से मंदिर परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं. पूजा-अर्चना और दर्शन की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने में मंदिर के प्रबंधक बाल्मिकी सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं.
पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सरकारी पूजा और आरती के बाद जैसे ही मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, दर्शन के लिए इंतजार कर रहे भक्तों की भीड़ मंदिर के भीतर पहुंचने लगी. श्रद्धालुओं ने बाबा बूढ़ानाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए हर-हर महादेव और बाबा बूढ़ानाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा. लगातार हो रही पूजा-अर्चना और भक्तों की आस्था ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और अलौकिक बना दिया.
