Sultanganj News: सुलतानगंज (भागलपुर). नागपंचमी और सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर सोमवार को अजगैबीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. लखीसराय के अशोक धाम में हुई भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी थी. मंदिर परिसर से लेकर बाहरी क्षेत्र तक पुलिस बल की तैनाती की गई. सुबह से दोपहर बाद तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की जानकारी दी गई.
अशोक धाम की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट
अशोक धाम में भगदड़ की घटना को देखते हुए अजगैबीनाथ मंदिर में प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती. मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी.
कतार में खड़े श्रद्धालुओं को लगातार दी गई जानकारी
जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं को माइकिंग के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं. प्रशासनिक टीम ने श्रद्धालुओं को धैर्य बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से ही आगे बढ़ने की अपील की. पुलिसकर्मी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते नजर आए.
बाहरी परिसर तक लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
सुबह से ही मंदिर के बाहरी परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई. महिलाओं की भी बड़ी संख्या जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंची. प्रवेश द्वार पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.
शांतिपूर्ण तरीके से जल चढ़ाने की अपील
पुलिस टीम की ओर से श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से जल चढ़ाने की अपील लगातार की जाती रही. प्रशासन की ओर से कहा गया कि मंदिर में पहले से सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है, लेकिन सोमवारी और नागपंचमी को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को और बढ़ाया गया है.
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
Sultanganj News: प्रशासन की ओर से माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि भीड़ के बीच धैर्य और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से बाबा अजगैबीनाथ का दर्शन और जलाभिषेक कर सकें.
