—नवोदय विद्यालय नगरपाड़ा में आयोजन, छात्राओं में खेल के प्रति बढ़ेगी रुचि
केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय की पहल खेलो इंडिया के तहत छात्राओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से अश्मिता बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. इस बार भागलपुर जिले में इसका आयोजन विशेष रूप से बिहपुर क्षेत्र में होगा. टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी भागलपुर जिला बॉस्केटबॉल संघ को सौंपी गयी है. संघ के सचिव सौरभ कुमार ने बिहपुर विधायक इं कुमार शैलेंद्र से संपर्क किया, जिन्होंने आयोजन में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है. यह प्रतियोगिता जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा परिसर में 29 और 30 मार्च को आयोजित होगी. सचिव ने बताया कि विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने इसकी मेजबानी स्वीकार कर ली है. आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.विद्यालय परिसर में ही ठहरेंगी खिलाड़ी
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था विद्यालय परिसर में ही की गयी है. उद्घाटन और समापन समारोह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, खेल प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे.
आठ टीमें लेंगी भाग
इस टूर्नामेंट में कुल आठ प्रमुख टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपारा, माउंट असीसी स्कूल, कार्मेल स्कूल, सेंट जोसफ स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल साहिबगंज, सेंट जोसेफ स्कूल एनटीपीसी कहलगांव, सेंट पॉल स्कूल नाथनगर और होली फैमिली स्कूल शामिल हैं. इसके अलावा कुछ सरकारी स्कूलों की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी.
एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी हैं सक्रिय
आयोजन को सफल बनाने में बिहार राज्य बॉस्केटबॉल एसोसिएशन की सचिव रेखा कुमारी, महासचिव सुशील कुमार, भागलपुर जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, सचिव सौरभ कुमार और संयुक्त सचिव राहिद अख्तर सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
