Bhagalpur news नयागांव काली मंदिर में वार्षिक पूजा का शुभारंभ, उमड़ी भीड़
सुलतानगंज प्रखंड क्षेत्र के नयागांव स्थित काली मंदिर में शनिवार से वार्षिक पूजा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हो गया. पूजा के आरंभ होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है.
11 दिनों तक चलेगा भक्ति का महापर्व
मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय कुमार चौधरी और कोषाध्यक्ष कुमार नंदकिशोर उर्फ मुकेश ने बताया कि चैत अमावस्या के पहले शनिवार से शुरू होकर यह वार्षिक पूजा 11 दिनों तक चलेगी. इसका समापन आगामी 31 मार्च (मंगलवार) को भव्य भंडारे के साथ किया जाएगा. पूजा के दौरान मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ लगातार किया जा रहा है. दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु मां काली के दरबार में हाजिरी लगाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं. नयागांव पंचायत के मुखिया संजीव कुमार ने बताया कि हर वर्ष यहां भक्तों की संख्या बढ़ रही है, जो मां काली के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है. वार्षिक पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और भक्त पूरे श्रद्धा भाव से मां काली की आराधना में जुटे हुए हैं.
‘मां के दरबार से कोई खाली नहीं लौटता’
ग्रामीणों का कहना है कि मां काली के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता. सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद मां पूरी करती हैं. मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु दोबारा मंदिर पहुंचकर चढ़ावा अर्पित करते हैं. मंदिर के पुजारी ने बताया कि मां काली अपने भक्तों की हर इच्छा पूरी करती हैं, यही कारण है कि हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. हर वर्ष आयोजित भंडारे में गांव सहित बाहर रहने वाले सैकड़ों लोग शामिल होते हैं. इस दौरान करीब 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुटती है. वार्षिक पूजा के दौरान मंदिर परिसर में अस्थायी दुकानों लग जाती है, जिससे पूरा क्षेत्र मेले में तब्दील हो जाता है. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.