Bhagalpur Red Ribbon Run 2026: एड्स के प्रति युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार सुबह भागलपुर में जिला स्तरीय रेड रिबन रन मैराथन का आयोजन किया गया. बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति और स्वास्थ्य विभाग के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के विभिन्न कॉलेजों और पीजी विभागों के 130 स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. पांच किलोमीटर की इस दौड़ के माध्यम से एचआईवी और एड्स से बचाव का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया.
टीएमबीयू इंडोर स्टेडियम से हुई मैराथन की शुरुआत
मंगलवार सुबह 8 बजे टीएमबीयू इंडोर स्टेडियम से रेड रिबन रन की शुरुआत हुई. मैराथन का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश देना और रेड रिबन क्लब की गतिविधियों को समाज तक पहुंचाना था.
इस आयोजन में विश्वविद्यालय के अंगीभूत और संबद्ध महाविद्यालयों के अलावा पीजी विभागों की एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
मेयर ने दिखाई हरी झंडी, दिया जागरूकता का संदेश
भागलपुर की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया. उन्होंने कहा कि एड्स के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और समाज में भी सही जानकारी पहुंचाने का काम करें.
मेयर ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं.
पांच किलोमीटर का तय किया गया रूट
पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए पांच-पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई. मैराथन का रूट विश्वविद्यालय परिसर से नरगा चौक तक निर्धारित किया गया था. प्रतिभागियों ने एक ओर जाकर दूसरी ओर से लौटते हुए कुल पांच किलोमीटर की दूरी पूरी की.
पुरुष और महिला वर्ग में ये बने विजेता
पुरुष वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज के चंद्रदेव कुमार ने पहला स्थान हासिल किया. बीएलएस कॉलेज के मिथिलेश कुमार दूसरे, टीएनबी कॉलेज के ऋतु राज तीसरे, बीएन कॉलेज के प्रेम कुमार चौथे और मारवाड़ी कॉलेज के रणवीर कुमार पांचवें स्थान पर रहे.
महिला वर्ग में एसएसवी कॉलेज की पाचो कुमारी प्रथम रहीं. बीएन कॉलेज की रुसी कुमारी ने दूसरा, टीएनबी कॉलेज की कोमल कुमारी ने तीसरा, एसएसवी कॉलेज की रेश्म कुमारी ने चौथा और बीएन कॉलेज की नैना कुमारी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया.
Bhagalpur Red Ribbon Run 2026:विजेताओं को मिला सम्मान
मैराथन के समापन पर मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से उन्हें विशेष उपहार स्वरूप पुस्तक भी भेंट की गई.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल कुमार सहित कई शिक्षकों, स्वयंसेवकों और पटना से आए रिसोर्स पर्सन शिवम कुमार एवं मिथिलेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं था, बल्कि युवाओं के माध्यम से समाज में यह संदेश पहुंचाना था कि एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूकता, सही जानकारी और समय पर जांच ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
