भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :
बरारी से महादेवपुर जा रही एक बड़ी नाव बीच रास्ते में तकनीकी खराबी के कारण रुक गयी. घटना हाई लेबल मोड़ के पास की बताई जा रही है. नाव खराब होने के बाद उसमें सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ भागलपुर की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया.बीमार बुजुर्ग महिला और बच्चों को पहले निकाला गया
एसडीआरएफ टीम ने सबसे पहले नाव पर मौजूद बीमार बुजुर्ग महिला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद अन्य यात्रियों को भी दूसरी नाव के माध्यम से सुरक्षित भेजा गया. नाव पर एक मोटरसाइकिल भी लदी हुई थी, जिसे सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गयी. नाविक ने एसडीआरएफ टीम को बताया कि नाव में लगा दो नट टूट जाने के कारण नाव अचानक खराब हो गयी. तकनीकी समस्या को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है. नाविक के अनुसार कुछ देर में नट लगाकर नाव को दोबारा रवाना किया जायेगा.मरम्मत पूरी होने तक मौके पर तैनात रहेगी एसडीआरएफ की टीम
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि नाव पूरी तरह से ठीक होने तक उनकी दो रेस्क्यू बोट मौके पर तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध करायी जा सके. समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद यात्रियों ने एसडीआरएफ टीम की तत्परता की सराहना की.
