शास्त्रीय गायन, नृत्य, नाटक, मंजूषा पेंटिंग, कविता पाठ आदि का होगा आयोजन
सृजन मेला 2017 की विमर्श बैठक
भागलपुर : परिधि एवं कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को कला केंद्र में डॉ केके मंडल की अध्यक्षता में सृजन मेला 2017 की विमर्श बैठक हुई. बैठक में बताया कि परिधि एवं कला केंद्र मिल कर अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में सृजन मेला 2017 का आयोजन करेंगे. यह 32 वर्षों से अपसंस्कृति के खिलाफ पहल के रूप में आयोजित हो रहा है. इसमें शास्त्रीय गायन, नृत्य, नाटक, मंजूषा पेंटिंग, कविता पाठ आदि आयोजन होंगे. बच्चों को मिट्टी से जोड़ने व अभिव्यक्त करने के लिए मिट्टी का खिलौना निर्माण प्रतियोगिता होगी. भागलपुर क्षेत्र में लघु फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री फिल्मों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लघु फिल्म व डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी आयोजन हाेगा. इसकी जिम्मेदारी नाट्यकर्मी चैतन्य प्रकाश को दी गयी. सृजन मेला पांच दिनों का होगा.
इन पांच दिनों में बाल प्रतियोगिताएं नाटक, फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ पेंटिंग और क्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी. निदेशक उदय ने कहा कि प्रदेश एवं झारखंड के वरिष्ठ चित्रकारों, शिल्पकारों की कलाकृतियां सृजन मेला में प्रदर्शित किये जायेंगे. बैठक में एनुल होदा, कुमार चैतन्य प्रकाश, संगीता, विवेक मिश्रा, मो शहादत हुसैन, गांधी शांति प्रतिष्ठान के संजय कुमार, रामनारायण भास्कर, सुषमा, ललन, गुंजा, विक्रम राज, मनोज कुमार, मो शाहीन अनीस, राहुल आदि उपस्थित थे.
