bhagalpur news. 57 मत्स्यजीवी लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ
डीएम ने मंगलवार को समीक्षा भवन में मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चयनित 57 लाभुकों के बीच प्रमाणपत्र, विभिन्न उपकरणों व वाहनों की चाबी का वितरण किया.
डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को समीक्षा भवन में मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चयनित 57 लाभुकों के बीच प्रमाणपत्र, विभिन्न उपकरणों व वाहनों की चाबी का वितरण किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मत्स्यजीवी, मत्स्य कृषक, जनप्रतिनिधि व संबंधित विभागीय पदाधिकारी शामिल हुए.
डीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य मछुआ समुदाय व अनुसूचित जनजाति के मत्स्य कृषकों को आत्मनिर्भर बनाना, आधुनिक संसाधनों से जोड़ना व उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है. मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के माध्यम से मछुआरों को निःशुल्क व अनुदानित दर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं. इसके साथ ही धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत अनुसूचित जनजाति के मत्स्य कृषकों को भी विशेष सहायता प्रदान की जा रही है.
मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना अंतर्गत मत्स्य शिकारमाही व विपणन किट वितरण योजना के तहत लाभुकों को किट उपलब्ध कराया गया. 16 लाभुकों को थ्री व्हीलर सह-आईस बॉक्स उपलब्ध कराया गया. पांच लाभुकों को फिशिंग उडेन बोट पैकेज, 20 लाभुकों को फिशिंग एफआरपी बोट पैकेज व पांच लाभुकों को कास्ट जाल पैकेज प्रदान किया गया. इन योजनाओं पर लाखों रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया गया है.
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 15 मोटरसाइकिल सह-आईस बॉक्स, 10 साइकिल सह-आईस बॉक्स, छह थ्री व्हीलर सह-आईस बॉक्स व दो मोबाइल फिश कियॉस्क उपलब्ध कराये गये.
नगर निगम क्षेत्र में बनेंगे पांच मत्स्य बिक्री केंद्र
वर्ष 2026-27 में जिले को आधुनिक मत्स्य बिक्री केंद्र निर्माण के लिए पांच केंद्रों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है. नगर निगम द्वारा इसके लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है. शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जायेगा. जिले को इंटीग्रेटेड तिलापिया प्रोसेसिंग प्लांट की स्वीकृति प्राप्त हुई है. डीएम ने जगतपुर ढाब क्षेत्र में भूमि पैमाइश कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. इस मौके पर सुलतानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, नाथनगर विधायक मिथुन कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल, महापौर डॉ बसुंधरा लाल, जिप उपाध्यक्ष डॉ प्रणव कुमार, उप महापौर डॉ सलाहउद्दीन अहसन, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने भी लाभुकों को प्रमाणपत्र प्रदान किया.