Bhagalpur news सुलतानगंज स्टेशन पर 24 घंटे पूछताछ सेवा शुरू

यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र अब 24 घंटे के लिए चालू कर दिया गया है.

यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र अब 24 घंटे के लिए चालू कर दिया गया है. बुधवार से लागू इस व्यवस्था से यात्रियों को दिन ही नहीं, रात में भी ट्रेनों की सटीक जानकारी मिल सकेगी. इससे देर रात यात्रा करने वालों को राहत मिलेगी. रेल अधिकारियों के अनुसार, पहले यह सुविधा दो शिफ्ट में सीमित थी, लेकिन बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसे तीन शिफ्ट में परिवर्तित कर 24×7 सेवा बहाल कर दी गयी है. रात में फरक्का एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्रियों को अब सीधा लाभ मिलेगा.

रिजर्वेशन काउंटर में कटौती, एक शिफ्ट में सेवा

यात्रियों की घटती संख्या को देखते हुए पीआरएस (रिजर्वेशन) काउंटर को दो शिफ्ट से घटा कर एक शिफ्ट कर दिया गया है. अब सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ही आरक्षण टिकट मिलेगा. रेल सूत्रों के मुताबिक वर्तमान में प्रतिदिन करीब 60 यात्री ही रिजर्वेशन टिकट कटा रहे हैं, जिससे दो शिफ्ट में संचालन व्यावहारिक नहीं रह गया था. हालांकि, जरूरत बढ़ने पर पुनः दो शिफ्ट बहाल करने की बात कही गयी है.

जनरल टिकट व्यवस्था यथावत

स्टेशन प्रबंधक गिरीश प्रसाद सिंह ने बताया कि यूटीएस के दो काउंटर से जनरल टिकट की सुविधा पहले की तरह जारी है. रात नौ बजे के बाद भी एक काउंटर से टिकट मिलता रहेगा, जिससे यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होगी. रेल सूत्रों की मानें तो स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 5000 यात्री टिकट लेकर यात्रा करते हैं, जबकि कुल आवागमन करीब 11 हजार है. ऐसे में पूछताछ केंद्र का 24 घंटे खुला रहना स्टेशन की जरूरत बन चुकी थी.

जल्द मिलेगी नयी सुविधा

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे ने अराइवल ब्लॉक और पुराने स्टेशन भवन में ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाने का प्रस्ताव भेजा है. इसके लगने के बाद टिकट लेने की प्रक्रिया और आसान हो जायेगी. बांका सांसद प्रतिनिधि पवन केसान ने बताया कि पूर्व में सीनियर डीसीएम के निरीक्षण में 24 घंटे पूछताछ केंद्र की मांग की गयी थी, जिसे अब लागू कर दिया गया है. अब रात के समय भी ट्रेन की सही जानकारी मिलेगी, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >