सुलतानगंज व रातनपुर में भी होगा ठहराव, मुंगेर के रास्ते बरौनी-मुजफ्फरपुर होकर चलेगी ट्रेन
भागलपुर : गर्मी की छुट्टी में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने गांधीधाम (गुजरात) से भागलपुर के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस ट्रेन का परिचालन गांधीधाम से 12 अप्रैल 15 अप्रैल से शुरू होगा. वहीं, भागलपुर से 15 अप्रैल से चलेगी. ट्रेन संख्या 09451/52 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 20 कोचों के साथ गांधीधाम-भागलपुर के बीच 12-12 फेरा लगायेगी. शुक्रवार को पश्चिम रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस बार इसका ठहराव सुलतानगंज स्टेशन पर भी दिया गया है.
हर शुक्रवार गांधीधाम, तो भागलपुर से प्रत्येक सोमवार चलेगी ट्रेन : यह ट्रेन गांधी धाम से 12 अप्रैल से 28 जून तक हर शुक्रवार को खुलेगी. वहीं, भागलपुर से 15 अप्रैल से 24 जून तक प्रत्येक सोमवार को जायेगी.
गांधीधाम से शुक्रवार की शाम 5.40 बजे भागलपुर के लिए रवाना होगी. रविवार शाम छह बजे भागलपुर पहुंचेगी. वहीं, भागलपुर से हर सोमवार की सुबह 6.30 बजे रवाना होगी और बुधवार की सुबह आठ बजे गांधीधाम पहुंचेगी.
मुंगेर के रास्ते बरौनी-मुजफ्फरपुर होकर चलेगी ट्रेन : यह समर स्पेशल ट्रेन मुंगेर के रास्ते बरौनी-मुजफ्फरपुर होकर चलेगी. भागलपुर से खुलने के बाद इसका पहला स्टॉपेज सुलतानगंज में दो मिनट का होगा. हालांकि, रतनपुर में भी इसका ठहराव दिया गया है. इसके बाद सीधा मुंगेर जाकर रुकेगी. यहां से खुलने के बाद बेगुसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सगौली, बेतिया, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बाराबांकी, लखनऊ, कानपुर सेंटल, फरूखाबाद, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, भवानी मंडी, अहमदाबाद, नाडियाड, दाहोद होते हुए गांधीधाम पहुंचेगी.
स्पेशल ट्रेन में रहेगा सेकेंड एवं थ्री एसी: स्पेशल ट्रेन में सेकेंड एसी एक, थ्री एसी के तीन कोच, शयनयान श्रेणी के 10 कोच, साधारण श्रेणी के चार कोच, पेंट्रीकार, एसएलआर सहित 20 कोच होंगे.
