सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस ने की फुलप्रूफ तैयारी
भागलपुर : आगामी चुनाव के मद्देनजर बिहार पुलिस द्वारा सरस्वती पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सरस्वती पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय गंभीर नजर आ रहा है. वहीं राज्य सरकार का खुफिया विभाग भी सरस्वती पूजा को लेकर विशेष निगरानी कर रहा है. सांप्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील जिला होने की वजह से भागलपुर में सरस्वती पूजा को लेकर विशेष तौर पर सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गयी है.
इसके अलावा सभी थाना और अतिरिक्त बलों को सुरक्षा और विधि व्यवस्था में लगाया गया है. भागलपुर एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि सरस्वती पूजा को लेकर सुरक्षा और विधि व्यवस्था के हर एक बिंदुओं पर नजर रखी जा रही है.
सरस्वती पूजा के दौरान जिला में तैनाती के लिए पुलिस मुख्यालय से सेंट्रल रैफ के जवानों की मांग की गयी थी. मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा सीआरपीएफ की एक कंपनी को भागलपुर भेज दिया गया है. एसएसपी ने बताया कि पुलिस के हर विंग को विशेष सतर्कता रखने का निर्देश दिया गया है. जिला में विधि व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित हर जानकारी पुलिस मुख्यालय से साझा की जा रही है.
इसके अलावा गुरुवार को मुख्य सचिव के साथ हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग में सरस्वती पूजा को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिये गये हैं. इसके क्रियान्वयन के लिए भागलपुर के सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी-पदाधिकारी को सभी निर्देशों के अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है.
