नेताओं ने भागलपुर-बांका के कार्यकर्ताओं में भरा जोश, तीन राज्यों के चुनाव परिणाम से सबक ले काम करें कार्यकर्ता : रामनारायण

सुलतानगंज : अजगैवीनगरी की धरती पर रविवार को भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2019 के चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया. कृष्णगढ़ स्थित यात्री निवास धर्मशाला में रविवार को भागलपुर-बांका लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की अहम बैठक हुई जिसमें तीन राज्यों में पार्टी की हार को एक चुनौती […]

सुलतानगंज : अजगैवीनगरी की धरती पर रविवार को भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2019 के चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया. कृष्णगढ़ स्थित यात्री निवास धर्मशाला में रविवार को भागलपुर-बांका लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की अहम बैठक हुई जिसमें तीन राज्यों में पार्टी की हार को एक चुनौती के रूप में लेते हुए आगे की लड़ाई के लिए कमर कस लेने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया. बताया गया कि 17 से 31 दिसंबर तक महाजनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा.
सूबे के राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम नारायण मंडल ने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव परिणाम से मनोबल गिराने की जरूरत नहीं है. इसे एक सबक के रूप में लें. 2019 में फिर से केंद्र में एनडीए की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता और अधिक जोश से जुट जायें. उन्होंने कहा कि राज्य, देश व पंचायत के चुनाव के अपने-अपने मायने होते हैं.
जनता को परिवार मानकर काम करें और उन्हें सरकार की योजनाओं के बारे में बतायें. मंत्री रामनारायण ने कहा कि कांग्रेस-राजद के नेताओं ने देश को लूटने का काम किया है. नरेंद्र मोदी की सरकार ने विश्व में भारत का सम्मान बढ़ाया है.
अन्य नेताओं ने भी किया संबोधित
पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने कहा कि आज हम बाबा अजगैवीनगरी में संकल्प लें कि 2019 में पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम करना है. भाजपा के प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा ने कहा कि बिहार में एक करोड़ 45 लाख वोट लाना है. एमएलसी डॉएन के यादव ने कहा कि अगले चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ता अभी से लग जायें.
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा ने कहा कि आपसी कलह भूलकर एकजुट हो जायें. जिप अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह ने कहा कि भागलपुर और बांका लोकसभा क्षेत्र की बैठक में कार्यकर्ताओं को जो टास्क मिला है, उसे ईमानदारीपूर्वक पूरा करने की जरूरत है.
पूर्व प्रत्याशी डॉ मृणाल शेखर ने महाजनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से प्रकाश डाला. पूर्व उपमहापौर प्रीति शेखर ने कहा कि हमलोग मंथन करने के लिए यहां जुटे हैं. बैठक की अध्यक्षता नगर भाजपा अध्यक्ष संजय कुमार चौधरी व संचालन विकास सिंह ने किया. धन्यवाद ज्ञापन पवन मिश्रा ने किया. इसके पूर्व अतिथियों का माल्यार्पण व बूके देकर भव्य स्वागत किया गया.
इस दौरान पूर्व विधायक ईं शैलेंद्र, पूर्व प्रत्याशी ललन पासवान, मनोज यादव, लोकसभा प्रभारी कुमार प्रणय, कृष्णमोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, रौशन सिंह, सुबोध मिश्रा, अभय वर्मन, कन्हाई मंडल, कन्हैया झा, मनोरंजन मिश्रा, संजय कुमार चौधरी, अरुण कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, संजीव विधान, कुमार संजीव, हर्षनाथ मिश्रा सहित बांका, भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
मंत्री से सीओ को हटाने की कार्यकर्ताओं ने की मांग, बैठक का किया बहिष्कार
कुछ कार्यकर्ताओं ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और धरना पर बैठ गये. वे लोग नारेबाजी करने लगे. इस दौरान कार्यकर्ताओं में नोकझाेंक भी हुई. भाजपा ग्रामीण (दक्षिणी) मंडल अध्यक्ष हर्षनाथ मिश्रा ने बताया कि मंत्री से सीओ की मनमानी की शिकायत करते हुए उन्हें हटाने की मांग की गयी थी.
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. उल्टे वह कार्यकर्ताओं पर भड़क गये. भाजपा कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष हर्षनाथ मिश्र, अवध किशोर सिंह,संजीव विधान, कृष्णानंद कुंवर, पंकज राय आदि मंत्री से मिलने पहुंचे थे. पूर्व सांसद पुतुल कुमारी, पूर्व विधायक ई शैलेंद्र, हरिवंश मणि सिंह आदि ने समझा कर शांत कराया.
परचून की दुकान नहीं कि सुबह रखा, शाम में हटा दिया
सीओ को हटाने की मांग करने का तरीका गलत था. परचून की दुकान नहीं है कि किसी को सुबह रखा और शाम में हटा दिया. कार्यकर्ताओं ने कोई आवेदन नहीं दिया है. प्रमाण के साथ आवेदन दें. जांच में दोषी पाये जाने पर उचित कार्रवाई होगी.
राम नारायण मंडल,भूमि सुधार व राजस्व मंत्री, बिहार सरकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >