भागलपुर : विक्रमशिला सेतु मरम्मत कार्य की प्रगति में तेजी आयी है, जिससे हर काम समय से पहले पूरा हो रहा है. तय समय से एक दिन पहले ही दरार पर कार्बन प्लेट चिपकाया गया. वहीं सेतु को उठा कर पोट बियरिंग बदली गयी और एक्सपेंशन ज्वाइंट फिटिंग कार्य करा दिया गया है. प्रशासनिक तैयारी और लोगों की समझदारी से ही यह मुमकिन हुआ है.
आगे भी यही रफ्तार रही, तो विक्रमशिला सेतु समय से पहले चालू हो जायेगा. मुंबई की रीबिल्ड स्ट्रक्ट एसोसिएट्स ने भी दावा किया है कि तय समय से पहले ही सेतु पर चल रहे कार्यों को पूरा कर लिया जायेगा. प्रशासनिक पदाधिकारियों से भी कह कर पूजा से पहले आवागमन के लिए पुल खोला जा सकता है. वहीं मोटरसाइकिल को तो और पहले सेतु से गुजरने का परमिशन मिल सकता है. क्योंकि, स्पेंडेड स्पेन के दोनों तरफ के एक्सपेंशन ज्वाइंट के ढलाई का काम तय समय से पहले आठ अक्तूबर यानी, सोमवार को ही हो जायेगा.
ढलाई को सात दिनों तक यानी, 15 अक्तूबर तक मजबूत होने छोड़ा जायेगा. सेतु पर ट्रैफिक ब्लॉक 17 अगस्त तक के लिए है. इसके दो दिन पहले ही लोड वेरिफिकेशन कर सेतु को जब हैंड ओवर कर दिया जायेगा, तो वाहनों का परिचालन पूरी तरह से शुरू हो सकेगा. वहीं ढलाई के तीसरे दिन यानी, दूसरी पूजा को ही मोटरसाइकिल गुजरने का भी परमिशन मिल सकता है.
केवल, ढलाई के सेंपल की जांच करा यह देखा जायेगा कि मरम्मत वाली स्पेंडेड स्पेन पर किस तरह के वाहनों का लोड दिया जा सकता है. बता दें कि सेतु के पाया संख्या दो और तीन के बीच आर्टिकुलेशन (जोड़बंदी) के स्पेंडेड स्पेन में दरार आयी थी, जिसकी मरम्मत के लिए कार्य एजेंसी को 28 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ट्रैफिक ब्लॉक मिला है.
सोमवार को स्पेन के दोनों ओर के एक्सपेंशन ज्वाइंट की होगी ढलाई
विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या दो और तीन के बीच सबसे खराब पार्ट स्पेंडेड स्पेन के दोनों ओर के एक्सपेंशन ज्वाइंट की ढलाई सोमवार को करायी जायेगी. इससे पहले पोट बियरिंग बदली जायेगी. एक्सपेंशन ज्वाइंट का फिटिंग कार्य को पूरा करेगा. ढलाई के लिए सेतु पर छर्री स्टॉक कर लिया गया है. सीमेंट, बालू आदि भी मंगा लिया गया है. ढलाई के साथ एक सेंपल भी ढाला जायेगा. यह सेंपल वाहनों के लोड को जांचने में मददगार साबित होगी.
सेतु के एक ओर बदलाया पोट बियरिंग और फिट हुआ एक्सपेंशन ज्वाइंट : सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य के आठवें दिन यानी, शुक्रवार को ही 34 मीटर लंबा क्षतिग्रस्त स्पेंडेड स्पेन के उत्तरी ओर के दोनों सेंटर का पोट बियरिंग बदल दी गयी है. सेतु को सफलतापूर्वक पोट बियरिंग पर रख भी दिया गया है. इसके एक्सपेंशन ज्वाइंट का फिटिंग कार्य भी पूरा कर लिया है.
साथ ही दूसरी ओर यानी दक्षिण के तरफ में स्पेंडेड स्पेन शनिवार को हाइड्रोलिक जैक पर उठाया जायेगा और पोट बियरिंग बदली जायेगी. रविवार को एक्सपेंशन ज्वाइंट को फिट किया जायेगा. शनिवार को होने वाले कार्यों के लिए सेतु पर लटक रहे जाली का बना झूला भी उत्तर से हटा कर दक्षिण में कर दिया गया है ताकि काम कराने में सहूलियत मिल सके और इसमें देरी न आये.
सदर एसडीओ ने पुल निर्माण निगम के सहायक अभियंता से किया शो कॉउज
भागलपुर. सदर एसडीओ आशीष नारायण ने पुल निर्माण निगम के सहायक अभियंता पमित साही से कारण पृच्छा किया है. सहायक अभियंता ने गुरुवार को पुल मरम्मत के बारे में ईमेल नहीं भेजा था. सदर एसडीओ ने बताया कि पूर्व में निर्देश थे कि प्रत्येक दिन पुल पर क्या काम हुआ, यह काम तय कार्ययोजना से चल रहा है या नहीं, आदि के बारे में मॉनीटरिंग होना है.
