भागलपुर : डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण क्षेत्र में दुरस्थ आबादी को संबंधित प्रखंड मुख्यालय तक परिवहन सेवा से जोड़ने को लेकर बैठक की. डीएम ने बताया कि योजना के तहत चार से 10 सीट तक प्रति पंचायत पांच वाहन की खरीद होगी. मूल्य के 50 फीसदी तथा अधिकतम एक लाख तक अनुदान का प्रावधान है.
अनुदान का लाभ एससी-एसटी तथा अत्यंत पिछड़े वर्ग के सदस्यों को देय होगा. आवेदन ऑनलाइन परिवहन विभाग में होगा. उन्होंने कहा कि उच्च शैक्षणिक योग्यताधारी डीएल प्राप्त पंचायत के तीन एससी-एसटी तथा दो अत्यंत पिछड़े वर्ग से 21 वर्ष के सदस्य का चयन कर प्रखंड सूची प्रकाशित करेगा और प्रखंड से अनुशंसा सूची अनुमंडल में जायेगी. अनुमंडल समिति रिक्त व योग्यता के अनुसार पंचायतवार लाभुकों की स्वीकृति देगी. योग्यतानुसार प्रतीक्षा सूची बनेगी.
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं. अनुदान की राशि वाहन खरीदने के पश्चात आरटीजीएस से लाभुकों के खाते में भेजी जायेगी. योजना का प्रशिक्षण व जागरूकता 26 सितंबर तक होगा. 27 सितंबर से 22 अक्तूबर तक पंचायत वाइज आवेदन लिये जायेंगे. 23 से 31 अक्तूबर तक प्रखंड स्तर पर आवेदनों के आधार पर वरीयता सूची का निर्माण होगा. एक नवंबर से छह नवंबर तक प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक व अनुशंसा भेजा जायेगा.
इस तरह सूची को लेकर अनुमंडल स्तरीय समिति की बैठक आठ से 16 नवंबर तक होगी. चयन सूची को 19 नवंबर तक प्रकाशित होगी. 19 से 26 नवंबर तक आपत्ति लिया जायेगा और 30 नवंबर तक निराकरण होगा. एक दिसंबर तक अंतिम चयनित सूची का प्रकाशन होगा और तीन से पांच दिसंबर तक बीडीओ द्वारा चयनित लाभुक को चयन पत्र तामील कराते हुए 10 दिसंबर से अनुदान प्राप्ति के लिए राशि का आवेदन प्राप्त करेगा. मौके पर एडीएम राजेश झा, अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ आदि मौजूद थे.
