परबत्ता की 14 नंबर सड़क पर लुटेरों का आतंक सीआरपीएफ जवान सहित दो की बाइक लूटी
नवगछिया : परबत्ता थाना अंतर्गत 14 नंबर सड़क पर शुक्रवार की देर रात आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने खरीक के काजीकोरैया निवासी संगम कुमार और उसके भाई सुजीत कुमार के साथ लूटपाट की. इस दौरान अपराधियों ने दोनों की पिटाई भी की. अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल लूट ली और जवान का पर्स, एटीएम कार्ड, आइडी […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
नवगछिया : परबत्ता थाना अंतर्गत 14 नंबर सड़क पर शुक्रवार की देर रात आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने खरीक के काजीकोरैया निवासी संगम कुमार और उसके भाई सुजीत कुमार के साथ लूटपाट की. इस दौरान अपराधियों ने दोनों की पिटाई भी की. अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल लूट ली और जवान का पर्स, एटीएम कार्ड, आइडी कार्ड, आठ हजार रुपये नकद व अन्य सामान छीन लिये. संगम अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में पदस्थापित है. वह छुट्टी में घर आया था.
छुट्टी समाप्त होने पर वह वापस ड्यूटी पर लौट रहा था. वह ट्रेन पकड़ने नवगछिया स्टेशन जा रहा था. शुक्रवार की रात 10 बजे उसे भाई मोटरसाइकिल से छोड़ने जा रहा था. तुलसीपुर से आगे बढ़ने पर दो मोटरसाइकिल पर सवार छह अपराधी उनका पीछा करने लगे. जमुनियां से आगे बढ़ने पर महदतपुर के पास दोनों मोटरसाइकिल ओवरटेक कर आगे आ गयी और संगम की बाइक को रोका. अपराधियों ने दोनों भाइयों पर पिस्तौल तान दी. विरोध करने पर अपराधी उनकी पिटाई करने लगे. इसके बाद अपराधी बाइक व सारे सामान लूटकर भाग गये. पीड़ित भाइयों ने परबत्ता थाना को सूचना दी. पुलिस छानबीन कर रही है. परबत्ता के थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने कहा कि छानबीन की जा रही है.
अपराधियों ने जगतपुर में भी लूटी मोटरसाइकिल, सवार को पीट कर किया गंभीर : परबत्ता के जगतपुर के पास 14 नंबर सड़क पर शुक्रवार की रात करीब 11 बजे अपराधियों ने खरीक चौक निवासी धनेश्वर दस के पुत्र छोटू दास को भी शिकार बनाया. अपराधियों ने उसकी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल, मोबाइल व पैसे लूट लिये. इस दौरान अपराधियों ने छाेटू की लाठी डंडे से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. छोटू भागलपुर से अपने घर खरीक लौट रहा था. सूचना मिलने पर परबत्ता पुलिस ने छोटू को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मोटरसाइकिल चालक छोटू दास की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
महदतपुर व जगतपुर के पास दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में, बाइक जब्त
दो बाइक पर सवार थे आधा दर्जन लुटेरे
सीआरपीएफ जवान व उसके भाई के साथ अपराधियों ने की मारपीट
पैसे, मोबाइल व अन्य सामान भी लूटे
कहते हैं थानाध्यक्ष
परबत्ता थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि दोनों लूट की घटना को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है. सीआरपी जवान संगम सागर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. जगतपुर के पास से लूटी गयी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं. तीन लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.