भागलपुर पुलिस ने पकड़ी 1122 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime News:शराब तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जगदीशपुर थाना पुलिस ने सन्हौला चेकपोस्ट के पास वाहन जांच अभियान के दौरान 1122 लीटर विदेशी शराब बरामद की और दो पंजाब के तस्करों को गिरफ्तार किया.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

शराब तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जगदीशपुर थाना पुलिस ने सन्हौला चेकपोस्ट के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक पिकअप वाहन से 1122 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब लदे वाहन को जब्त कर लिया है, वहीं मौके से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

धनबाद से मधेपुरा ले जाई जा रही थी शराब

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि धनबाद की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर भागलपुर होते हुए मधेपुरा ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने धनबाद से भागलपुर आने वाले मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित सन्हौला चेकपोस्ट के समीप एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई 1122 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पंजाब में शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए बतायी जा रही है जबकि बिहार के ब्लैक (अवैध) बाजार में शराब का कुल मूल्य 20 लाख रुपए से अधिक बतायी जा रही है.

पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, पिता राजेन्द्र कुमार, निवासी न्यू शिमलापुरी सतगुरु नगर, थाना डब्बा, जिला लुधियाना (पंजाब) तथा गुरूलाल सिंह, पिता सरदार सुखदेव सिंह, निवासी गुरूअली, थाना बरपाल, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों के खिलाफ जगदीशपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप बिहार में किसके इशारे पर लाई जा रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त

बरामद सामानों में 1122 लीटर विदेशी शराब, एक पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि शराब की यह खेप संगठित तस्करी नेटवर्क के जरिए बिहार लाई जा रही थी. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.

छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यनारायण ठाकुर, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार पासवान, सिपाही मानसिंह तथा सिपाही दीपक कुमार शामिल रहे. भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >