नवगछिया : नवगछिया और आसपास के बाजारों में परवल के मूल्य में गिरावट सोमवार को भी जारी रही. सोमवार को हाई लेवल स्थित जाह्नवी चौक आढ़त पर परवर का भाव पहले सुबह ₹2 से खुला और दोपहर बाद तक ढाई रुपए पर आकर बंद हो गया. लतीपुर आढ़त ढाई रुपये से खुला और ₹3 पर जाकर बंद हो गया. नवगछिया के विभिन्न बाजारों में अभी भी परवल के खुदरा मूल्य में कोई इजाफा नहीं हुआ है. ₹5 प्रति किलो परवल बिक रहे हैं.
लतीपुर आढ़त के संचालक राजीव कुमार ने बताया कि परवल का बाजार आने वाले दिनों में स्थिर रहने की संभावना है. इसका कारण है गंगा दियारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर परवल की खेती की गयी है. पिछले चार दिनों से दोनों आढ़तों पर परवल के खरीदार ज्यादा संख्या में आ रहे हैं, इसलिए मूल्य जरूर कम है लेकिन किसान अपने परवल यहां से बेच जा रहे हैं. पांच दिन पहले किसानों का परवल कोई लेने के लिए तैयार नहीं था. इधर भागलपुर के मंडी में परवल का भाव अभी भी ₹10 प्रति किलो है.
सोमवार को हाई लेवल मंडी में इस्माइलपुर जदयू अध्यक्ष गुलशन कुमार अपने दल बल के साथ पहुंचे और किसानों से बातचीत की. गुलशन कुमार ने आढ़त संचालकों को कहां कि हर हालत में असली सब्जी विक्रेता ही सब्जी खरीदे. बिचौलियों के कारण ही महज 20 किलोमीटर के फासले में परवल के मूल्य को 5 गुना बेवजह बढ़ा दिया गया है.
