विक्रमशिला सेतु पर आवाजाही बंद, सीएम ने रक्षा मंत्री से की खास बातचीत, जानें क्या है नया प्लान

Vikramshila Setu: विक्रमशिला सेतु के हिस्से के टूटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त कदम उठाते हुए बिहार के सभी बड़े पुलों का ऑडिट कराने का आदेश दिया है. नए 4-लेन पुल का निर्माण तेज किया गया है, जबकि आम लोगों की सुविधा के लिए मुफ्त स्टीमर सेवा शुरू की जा रही है.

Vikramshila Setu: विक्रमशिला सेतु के एक हिस्से के टूटने के बाद बिहार सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस गंभीर मामले को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और साफ कहा कि पुलों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने राज्य के सभी बड़े पुलों का पुल मेंटेनेंस पॉलिसी के तहत एसओपी ऑडिट कराने का निर्देश दिया है.

दोषियों पर तुरंत कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई होगी. हादसे के बाद भागलपुर एनएच के कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने इस मामले में केंद्रीय रक्षा मंत्री से भी बात की है ताकि पुल की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था में तेजी लाई जा सके. सरकार ने पुल को जल्द दुरुस्त करने के लिए बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन की मदद लेने का फैसला किया है.

नए 4-लेन पुल का काम तेज करने का आदेश

सम्राट चौधरी ने विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए 4-लेन पुल के निर्माण को और तेज करने का निर्देश दिया है. पुल निर्माण निगम के अनुसार 4.45 किलोमीटर लंबा यह नया पुल दिसंबर तक तैयार हो सकता है. इसकी लागत करीब 995 करोड़ रुपये है. पहले इसे मई 2027 तक पूरा करना था. अब इसे तय समय से लगभग 5 महीने पहले चालू करने की तैयारी है.

पुराने पुल की मरम्मत 3 महीने में

अधिकारियों ने दावा किया है कि क्षतिग्रस्त पुराने पुल की मरम्मत अगले 3 महीनों में पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद यहां फिर से वाहनों का संचालन शुरू हो सकेगा. फिलहाल सुरक्षा कारणों से पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है. निर्माण एजेंसी को रेस्टोरेशन कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

उत्तर बिहार-भागलपुर संपर्क पर असर

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से उत्तर बिहार और भागलपुर के बीच सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है. ऐसे में सरकार ने आम लोगों की सुविधा के लिए पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों हेतु मुफ्त स्टीमर सेवा शुरू करने का फैसला किया है. इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

भागलपुर और नवगछिया के बीच रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं. मुंगेर होकर ऑप्शनल रूट काफी लंबा पड़ता है, इसलिए जलमार्ग फिलहाल सबसे आसान ऑप्शन माना जा रहा है. सरकार ने एसडीआरएफ की तैनाती भी सुनिश्चित की है ताकि नाव संचालन सुरक्षित रहे और ओवरलोडिंग जैसी स्थिति न बने.

इसे भी पढ़ें: चंपारण से गया तक मौसम ने मचाई तबाही, भीषण तूफान ने बिहार में ली 20 की जान, अलर्ट जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >