Narkatiaganj News: पश्चिम चंपारण के हरिनगर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जांच के दौरान संदिग्ध हालत में भाग रहे एक युवक को पकड़कर उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. पूछताछ में आरोपी ने गोरखपुर से नरकटियागंज के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है.
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
रेल पुलिस के अनुसार, हरिनगर रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखते ही तेजी से भागने लगा. उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में मिले तीन चोरी के मोबाइल
गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ये मोबाइल गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों से चोरी किए गए थे.
रामनगर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी रामाशीष गोसाई के 25 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है. रेल पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मोबाइल मालिकों और गिरोह से कनेक्शन की जांच
नरकटियागंज रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने बताया कि बरामद तीनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. अब यह पता लगाया जा रहा है कि मोबाइल किन यात्रियों के हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित मोबाइल चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं.
