जिस BHU से पढ़ाई की, अब उसी में बनीं सहायक प्रोफेसर, फतेहपुर की बेटी डॉ. श्वेता पांडेय ने रचा इतिहास

योगापट्टी की बेटी डॉ. श्वेता पांडेय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनकी लगन और मेहनत की कहानी ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है.

Bettiah News: योगापट्टी प्रखंड के फतेहपुर गांव की बेटी डॉ. श्वेता पांडेय ने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. देश के प्रतिष्ठित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इतिहास विभाग में उनका चयन सहायक प्रोफेसर के पद पर हुआ है. उनकी इस उपलब्धि से फतेहपुर गांव सहित पूरे पश्चिम चंपारण में खुशी का माहौल है.

डॉ. श्वेता पांडेय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा योगापट्टी से शुरू की और उच्च शिक्षा के लिए बीएचयू पहुंचीं. इतिहास विषय में स्नातक से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अब उसी विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में चयनित हुई हैं.

Yogapatti News:  योगापट्टी से शुरू हुई पढ़ाई की यात्रा

डॉ. श्वेता पांडेय के पिता अखिलेश्वर पांडेय व्यवसायी हैं, जबकि मां पुष्पा पांडेय गृहिणी हैं. बचपन से ही मेधावी रहीं श्वेता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, योगापट्टी से पूरी की.

उन्होंने प्रथम श्रेणी से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद एमडीडीएम कॉलेज, मुजफ्फरपुर से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की.

BHU से बीए ऑनर्स और एमए की पढ़ाई

उच्च शिक्षा के लिए डॉ. श्वेता पांडेय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय का रुख किया. उन्होंने बीएचयू से इतिहास विषय में प्रथम श्रेणी के साथ बीए ऑनर्स और एमए की डिग्री हासिल की.

इसके बाद उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में पीएचडी की पढ़ाई पूरी की. लगातार उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद अब उनका चयन उसी विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर हुआ है.

इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर बनीं

डॉ. श्वेता पांडेय के लिए बीएचयू के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में चयन उनकी शैक्षणिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है. जिस विश्वविद्यालय से उन्होंने उच्च शिक्षा और शोध की पढ़ाई पूरी की, अब वहीं शिक्षण कार्य से जुड़ने का अवसर मिला है.

उनके चयन की जानकारी मिलने के बाद फतेहपुर गांव और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है. परिजनों और परिचितों की ओर से उन्हें बधाई दी जा रही है.

माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय

डॉ. श्वेता पांडेय अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान लगातार मेहनत और लगन बनाए रखी.

उनकी उपलब्धि ग्रामीण परिवेश से आने वाली उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण है, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं. श्वेता ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में मैट्रिक से लेकर पीएचडी तक लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और अब अकादमिक क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >