West Champaran News: योगापट्टी में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित विशेष अभियान बसेरा-2 के तहत शनिवार को योगापट्टी अंचल सभागार में भूमिहीन एवं पात्र परिवारों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया गया. कार्यक्रम में चयनित लाभुकों को 5-5 डिसमिल आवासीय भूमि का पर्चा सौंपा गया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर वर्षों का इंतजार खत्म होने की खुशी साफ दिखाई दी.
9 भूमिहीन परिवारों को मिला 5-5 डिसमिल जमीन का पर्चा
अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया. उन्होंने बताया कि योगापट्टी अंचल के 9 लाभुकों तथा जिला स्तर पर पांच लाभुकों को विशेष अभियान के तहत आवासीय भूमि का पर्चा प्रदान किया गया है. सरकारी नियमों के तहत उपलब्ध करायी गयी जमीन का उपयोग लाभुक आवास निर्माण के लिए कर सकेंगे.
विश्रामपुर की नौ महिलाओं को मिला भूमि का अधिकार
विश्रामपुर गांव की गीता देवी, सुनीता देवी, सोना देवी, मीरा देवी, शीला देवी, प्रियंका कुमारी, निर्मला देवी, सरोज देवी और गोदावरी देवी को 5-5 डिसमिल आवासीय भूमि का बासगीत पर्चा दिया गया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने कहा कि वर्षों से वे अपनी जमीन के लिए प्रयासरत थे. अब उन्हें अपने घर के निर्माण का कानूनी अधिकार मिल गया है.
सम्मान और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है भूमि का अधिकार
लाभुकों ने सरकार और राजस्व विभाग के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि भूमि का अधिकार उनके सम्मान और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है. अपनी जमीन मिलने से परिवार को स्थायित्व मिलेगा और अब वे अपने आवास के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे.
हर पात्र भूमिहीन परिवार को मिलेगा योजना का लाभ
अंचलाधिकारी विक्रम सिंह ने कहा कि बसेरा-2 अभियान का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन एवं वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है. सरकार का प्रयास है कि जमीन के अभाव में कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे. आगे भी पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार योजना का लाभ दिया जाएगा.
कार्यक्रम में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण कुमार, लिपिक आलोक श्रीवास्तव, डाटा ऑपरेटर विवेक सिंह, कर्मी कौशल कुमार, गोपाल कुमार तथा प्रखंड प्रमुख पति शंभू माली सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: केसरिया में इंडेन गैस गोदाम का ताला काटकर छह सिलेंडर चोरी, सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा
