नरकटियागंज में ठगी का अनोखा तरीका, रुपये बांटने का झांसा देकर महिला को बनाया शिकार

नरकटियागंज में एक महिला ठगी का शिकार हो गई. रुपयों का लालच देकर उससे मंगलसूत्र और मोबाइल छीन लिया गया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

West Champaran News: नरकटियागंज. नगर के ओवरब्रिज के पास रुपयों का लालच देकर एक महिला से मंगलसूत्र और मोबाइल ठगने का मामला सामने आया है. घटना के चार दिन बाद शिकारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है.

रुपये बांटने का झांसा देकर महिला को बनाया शिकार

अजुआ सुगौली गांव निवासी 30 वर्षीय गुड़िया देवी ने पुलिस को बताया कि वह 4 सितंबर को अपने छह वर्षीय बेटे के साथ साठी जाने के लिए टेंपो से नरकटियागंज पहुंची थी. इसके बाद वह दूसरी टेंपो में सवार हुई, जिसमें पहले से दो व्यक्ति बैठे थे.

रास्ते में नीचे गिरी रुपयों की गड्डी एक व्यक्ति ने उठा ली. उसने महिला को झांसा दिया कि इसकी जानकारी किसी को नहीं दी जाए और रुपये तीनों के बीच बांट लिये जाएंगे.

ओवरब्रिज के पास उतरकर रचा ठगी का खेल

महिला के अनुसार, रुपये मिलने के लालच में वह दोनों व्यक्तियों के साथ ओवरब्रिज के पास उतर गयी. ब्रिज के नीचे पहुंचने पर एक ठग ने उससे कहा कि रुपये रखने के दौरान पकड़े जाने का डर है.

इसी बहाने उसने महिला को अपना मंगलसूत्र और मोबाइल रुमाल में बांधकर रखने के लिए कहा. महिला ने दोनों सामान रुमाल में रख दिये.

रुपये गिनने का नाटक कर दोनों फरार

महिला के सामान रुमाल में रखने के बाद दोनों व्यक्ति रुपये गिनने का नाटक करते रहे. कुछ देर बाद मौका देखकर दोनों ठग बारी-बारी से वहां से फरार हो गये.

ठगों के चले जाने के बाद महिला ने रुमाल देखा तो उसका मंगलसूत्र और मोबाइल गायब था. तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ.

उसी दिन थाने पहुंची थी महिला

ठगी का पता चलने के बाद गुड़िया देवी उसी दिन शिकारपुर थाने पहुंची और पुलिस को मौखिक रूप से घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.

पुलिस ने ठगों की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया.

तीन दिन बाद लिखित आवेदन पर दर्ज हुई FIR

पुलिस के अनुसार, महिला की ओर से लिखित आवेदन दिये जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी. घटना के चार दिन बाद मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

CCTV फुटेज से आरोपितों की पहचान की कोशिश

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपितों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध तकनीकी सुराग जुटाये जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >