Bagaha News: बगहा नगर थाना क्षेत्र के रामधाम मंदिर निवासी मछली व्यवसायी तुलसी साह के 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बगहा थाना कांड संख्या 266/26 के अनुसंधान के दौरान रामधाम मंदिर निवासी आकाश कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी संध्या देवी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर 11 वर्षीय गौतम कुमार को गायब करने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में बगहा जेल भेज दिया गया.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
एसपी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि बच्चे की बरामदगी और मामले का शीघ्र उद्भेदन किया जा सके.
सड़क जाम करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि गौतम कुमार के लापता होने के विरोध में मंगलवार को बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग एनएच-727बी जाम कर टायर जलाने और प्रदर्शन करने वालों की भी पहचान की जा रही है. वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
लापता होने के बाद लोगों में फैला था आक्रोश
गौरतलब है कि गौतम कुमार के तीन दिनों तक लापता रहने से परिजनों और स्थानीय मछली व्यवसायियों में भारी आक्रोश फैल गया था. लोगों ने एनएच-727बी जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और बच्चे की शीघ्र बरामदगी की मांग की थी. मौके पर पहुंचे एसडीएम चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण और थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने लोगों को आश्वस्त किया था कि पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा.
