10.80 लाख की जमीन ठगी का खुलासा, झारखंड से अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

बेतिया पुलिस ने ₹10.80 लाख की ज़मीन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. फर्जी पहचान और नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ठगी करने वाले तीन सदस्यों को झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

Bettiah Land Fraud Case: जमीन खरीदने के नाम पर फर्जी पहचान और नकली दस्तावेजों के जरिए 10.80 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बेतिया पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने झारखंड के देवघर में छापेमारी कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने देवघर पुलिस के सहयोग से की.

फर्जी पहचान बनाकर खरीदार होने का दिलाया भरोसा

मामला कालीबाग थाना क्षेत्र के पक्की फुलवारी निवासी संतोष यादव की शिकायत से जुड़ा है. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी नाम और फर्जी पहचान पत्र के आधार पर खुद को जमीन का सक्षम खरीदार बताया.

विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने फर्जी गोल्ड लोन और भारत सरकार के स्वर्ण बॉन्ड से जुड़े नकली दस्तावेज भी दिखाए. इसके बाद जमीन खरीदने के नाम पर करीब 10.80 लाख रुपये की ठगी कर ली. इस मामले में कालीबाग थाना कांड संख्या 184/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई.

देवघर से तीन आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने झारखंड के देवघर में छापेमारी कर जामताड़ा निवासी इजाजुल खान उर्फ सुरेश पांडेय (64), मिंटू खान उर्फ विशाल सिंह (29) और शेर खान उर्फ अरमान खान (31) को गिरफ्तार किया.

छापेमारी में फर्जी दस्तावेज और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से भारत सरकार के दो फर्जी स्वर्ण बॉन्ड-1998, स्वर्ण बॉन्ड से संबंधित एक फर्जी क्रय प्रमाण पत्र, पांच मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड और एक काले रंग की XUV-500 बरामद की है.

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

छापेमारी अभियान का नेतृत्व सदर-1 के एसडीपीओ अजीत कुमार ने किया. टीम में कालीबाग थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी, अनुसंधानकर्ता परशुराम कुमार, सिपाही मिलन कुमार तथा देवघर नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे.

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >