500 मीटर के रास्ते के लिए 3 KM का चक्कर, अब बेतिया के संत जेवियर रोड पर शुरू हुआ काम

बेतिया के संत जेवियर रोड की जलजमाव की समस्या का समाधान जल्द होने की उम्मीद है. सड़क को मोटरेबल बनाने का काम शुरू हो गया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

Bettiah St Xavier Road: नगर के व्यस्त मार्गों में शामिल केआर से सोफवा टोला जाने वाले संत जेवियर रोड को मोटरेबल बनाने का काम शुरू हो गया है. लंबे समय से खराब सड़क और जलजमाव से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. मानसून में हालत ऐसी हो गई थी कि महज 500 मीटर का रास्ता तय करने के लिए लोगों को करीब तीन किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा था.

नगर निगम की ओर से सड़क पर बालू युक्त पत्थर और जीएसबी डालकर इसे आवागमन योग्य बनाने की पहल की गई है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हुई तो समस्या फिर लौट सकती है.

पहली बारिश में ही पानी में डूब गई सड़क

संत जेवियर रोड लंबे समय से खराब स्थिति में है. इस साल मानसून की पहली बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव हो गया और लोगों का इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया.

सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही थी. अभिभावकों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा था.

पक्कीकरण की स्वीकृति मिली, फिर भी शुरू नहीं हुआ था निर्माण

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत इस सड़क के पक्कीकरण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है. विधानसभा चुनाव से पहले इसका शिलान्यास भी किया गया था.

इसके बावजूद सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी थी. अब फिलहाल सड़क को मोटरेबल बनाकर आवागमन सुगम करने की दिशा में काम शुरू किया गया है.

डीएम के निर्देश पर गिराया जा रहा GSB

वार्ड संख्या-20 के नगर पार्षद दीपक कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर नगर निगम की ओर से आशा नगर क्षेत्र में जीएसबी गिराने का काम कराया जा रहा है.

इसके बाद सड़क को मोटरेबल बनाया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान भी लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो. नगर पार्षद ने लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग करने और इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.

सड़क बन गई तो भी क्या खत्म होगा जलजमाव?

संत जेवियर रोड पर काम शुरू होने से राहत की उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन स्थानीय लोगों ने अब जलनिकासी का मुद्दा उठाया है. उनका कहना है कि केवल सड़क को मोटरेबल बनाने से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा.

लोगों के मुताबिक, शिक्षक नगर के दक्षिण स्थित आशा नगर, कृष्णा नगर और पटेल चौक समेत आसपास के आवासीय इलाकों से निकलने वाला नाले और बारिश का पानी संत जेवियर रोड पर जमा हो जाता है.

स्थायी ड्रेनेज सिस्टम की उठी मांग

बारिश के दौरान आसपास के मोहल्लों का पानी सड़क पर आने से संत जेवियर रोड तालाब जैसी स्थिति में पहुंच जाता है. ऐसे में सड़क बनने के बाद भी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं सुधरी तो दोबारा जलजमाव की समस्या खड़ी हो सकती है.

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से सड़क निर्माण के साथ नए ड्रेनेज सिस्टम और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है. फिलहाल सड़क को मोटरेबल बनाने का काम शुरू हो गया है, जबकि क्षेत्र के लोग अब स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त होने का इंतजार कर रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >